न्यूयॉर्क । आईबीएम के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरविंद कृष्ण को फेडरल रिजर्व बैंक ऑफ न्यूयॉर्क का निदेशक मंडल में चुना गया है। बैंक ने कहा ‎कि 60 वर्षीय कृष्ण को क्लास बी निदेशक चुना गया है।  बयान में कहा गया कि कृष्ण 31 दिसंबर 2023 तक इस पद पर रहेंगे.

इसमें कहा गया ‎कि अपनी वर्तमान एवं पूर्व भूमिकाओं में कृष्ण ने क्लाउड, कृत्रिम मेधा, ब्लॉक चेन और क्वांटम कम्प्यूटिंग जैसे क्षेत्रों में आईबीएम के लिए नए बाजारों का निर्माण और विस्तार किया। उन्होंने इन उभरती प्रौद्योगिकियों पर आधारित आईबीएम के नवोन्मेषी समाधान और उत्पादों के विकास में भी अहम भूमिका निभाई है।

कृष्ण ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर से स्नातक किया है. इसके बाद उन्होंने इलिनॉयस विश्वविद्यालय से पीएचडी की।  वह क्लाउड एंड कॉग्निटिव सॉफ्टवेयर में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट रहे हैं और इसके अलावा कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं और फिलहाल सीईओ हैं।