आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हिमाचल प्रदेश में अर्ली स्नोफॉल से रिकॉर्ड तोड़ ठंड पड़ रही है। कई शहरों में बारिश-बर्फबारी के बाद न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के आसपास पहुंच गया है। इससे पहले अक्टूबर के शुरुआती 17 दिनों में ऐसा कभी नहीं हुआ।

केलांग का न्यूनतम तापमान आज सुबह 0.7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, इससे पहले साल 2007 में 16 अक्टूबर को केलांग का पारा इतना नीचे गिरा था। हालांकि अक्टूबर का रिकॉर्ड मिनिमम टेंपरेचर -3.6 डिग्री है, लेकिन यह 31 अक्टूबर 2021 का है।

कल्पा का मिनिमम टेंपरेचर भी 1.2 डिग्री तक लुढ़क गया है। इससे पहले साल 2008 में 17 अक्टूबर को -0.2 डिग्री पारा था। यानी 2008 के बाद 15 साल बाद अक्टूबर के पहले 17 दिन में इतनी अधिक ठंड पड़ी है। शिमला में भी साल 2008, 2007 और 2004 के बाद पहली बार अक्टूबर के शुरुआती 17 दिनों में पारा 8 डिग्री तक पहुंचा है।

मनाली में भी ठंड से ठिठुर रहे पर्यटक

दुनियाभर में मशहूर पर्यटन स्थल मनाली का तापमान भी 4 डिग्री तक गिरा गया है। इससे पहले साल 2004 में 12 अक्टूबर को 0.1 डिग्री और 17 अक्टूबर 2008 को 3.5 डिग्री था। मनाली का न्यूनतम तापमान नॉर्मल से 2.1 डिग्री कम हो गया है।

पर्यटकों को गर्म कपड़े साथ लेकर आने की सलाह

इससे देशभर से यहां आने वाले सैलानियों को कड़ाके की सर्दी से जूझना पड़ रहा है। इसे देखते हुए राज्य सरकार की ओर से पर्यटकों को पहाड़ों का रुख करने से पहले अपने साथ गर्म कपड़े लाने की सलाह दी गई है। यही हाल प्रदेश के अन्य शहरों का भी है। सभी शहरों का तापमान नॉर्मल से 6 डिग्री तक कम चल रहा है।

तापमान में 4 से 8 डिग्री तक की गिरावट

बारिश-बर्फबारी के बाद पिछले चार-पांच दिनों के दौरान न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। शिमला का न्यूनतम तापमान भी 8.7 डिग्री, कुफरी का 6.7 डिग्री, नारकंडा का 2.7 डिग्री, रिकांगपियो 4.2 डिग्री, कुकुमसेरी और भुंतर का 7 डिग्री तक गिर गया है।

डलहौजी में 24 घंटे में 79MM बारिश

प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भी आज भी मौसम खराब बना हुआ है। बीती रात भी अधिक ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी व बारिश हुई। पिछले 24 घंटे के दौरान सोलन के कसौली में 42 मिलीमीटर (MM) बारिश, शिमला में 24.6 MM, सुंदरनगर में 13.1 MM, धर्मशाला में 20.3 MM, पालमपुर 16.6 MM, सोलन में 21.4 MM, बिलासपुर में 20.4 MM, डलहौजी में सबसे ज्यादा 79 MM, चुवाड़ी में 74 MM, पांवटा साहिब में 28 MM और सराहन में 23 MM बारिश हुई।

कल से बारिश-बर्फबारी से राहत के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की माने तो कल से अगले 23 अक्टूबर तक बारिश-बर्फबारी से राहत के आसार है। कल एक-आध स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है, लेकिन परसों से आगामी एक सप्ताह तक मौसम बिल्कुल साफ रहने का पूर्वानुमान है।