आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हिमाचल प्रदेश में लड़कियों की शादी की उम्र 18 से 21 साल करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट मीटिंग में सरकार ने लड़कियों की शादी की उम्र 3 साल बढ़ाने के लिए संबंधित नियमों और अधिनियम में संशोधन की सहमति दी।

सोशल जस्टिस एंड एम्पावरमेंट सेक्रेटरी एम सुधा देवी ने बताया कि कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। अब राज्य सरकार केंद्र को अपने सुझाव देगी। इसमें लड़कियों की शादी की उम्र बढ़ाने की सिफारिश की जाएगी।

हिमाचल हाईकोर्ट के एडवोकेट नीरज गुप्ता ने बताया कि अभी हिमाचल सरकार अपनी रिकमेंडेशन केंद्र को भेजेगी। भारत सरकार जब कानून को संशोधित करेगी, तब जाकर कानून पूरे देश में एक साथ लागू होगा।

लड़कियों को मिलेंगे आगे बढ़ने के अवसर

सोशल जस्टिस मिनिस्टर धनीराम शांडिल ने बताया कि शादी की उम्र बढ़ने से लड़कियों को जीवन में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। अभी कुछ लोग लड़कियों की छोटी उम्र में शादी कर देते है। इससे बच्चियां पढ़ाई नहीं कर पाती और जीवन में आगे नहीं बढ़ पाती। राज्य सरकार ने उनके सर्वांगीण विकास के लिए शादी की उम्र बढ़ाने को अपनी कंसेंट दी है।

केंद्र सरकार लोकसभा में विधेयक पेश कर चुकी

वहीं केंद्र सरकार भी लड़कियों की शादी की न्यूनतम आयु 18 से बढ़ाकर 21 साल करने का निर्णय ले चुकी है। इसे लेकर दिसंबर 2021 में लोकसभा में विधेयक पेश किया जा चुका है। अभी यह संसदीय समिति के सामने विचाराधीन है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से 15 अगस्त 2020 को बेटियों की शादी की उम्र 21 साल करने की बात कही थी।

केंद्रीय कैबिनेट प्रस्ताव को दे चुका मंजूरी

केंद्रीय कैबिनेट से भी लड़कियों की शादी की उम्र बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। सरकार चाहती है कि शादी की उम्र बढ़ाकर उन्हें कुपोषण से बचाया जाए, क्योंकि जल्दी शादी के कारण मां बनने से उनके स्वास्थ्य पर कई बार बुरा असर पड़ता है। जल्दी शादी के कारण कई महिलाएं अपने करियर में भी आगे नहीं बढ़ पाती है।

एक्ट में अभी शादी की उम्र 18 साल

भारत में अभी लड़कों की शादी की उम्र 21 साल है, जबकि लड़कियों की 18 वर्ष है। इससे पहले हिंदू मैरिज एक्ट 1955 में विवाह की उम्र लड़कों के लिए 18 साल और लड़कियों के लिए 15 साल थी। साल 1978 में लड़कियों की शादी की उम्र 18 साल और लड़कों की 21 साल की गई। अब लड़कियों की उम्र बढ़ाकर 21 साल करने की तैयारी है।