आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हरियाणा विधानसभा शीतकालीन सत्र की सोमवार यानी आज दूसरे दिन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू हो गई। सदन की कार्यवाही में प्रश्न काल से पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंत्री कमलेश ढांडा के भतीजे के निधन पर शोक प्रकट किया। इसके अलावा लेफ्टिनेंट अक्षर के निधन पर शोक प्रस्ताव पढ़ा गया।
प्रश्न काल के दौरान सोनीपत विधायक सुरेंद्र पवार ने हरियाणा में टीचर्स की कमी का मुद्दा उठाया। शिक्षकों की ट्रांसफर पॉलिसी को लेकर भी विधायक ने सवाल पूछे। घरौंदा विधायक हरविंदर कल्याण ने बाढ़ का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कच्चे यमुना बांध के ऊपर के हिस्से को बेहतर किए जाने की मांग उठाई। कैबिनेट मंत्री जेपी दलाल ने जवाब देते हुए कहा कि सरकार इस पर जरूर काम करेगी। सदन में यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने जवाब दिया। विज ने कहा कि हम हर स्तर पर बेहतर करने की कोशिश कर रहे हैं। 162 PHC की हालत खराब है उसको सुधारेंगे। इसके टेंडर जारी किए जा चुके हैं।
कांग्रेस-डिप्टी CM को लेकर सदन में हंगामा
कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल के मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता के बीच तीखी बहस हुई। पूर्व सीएम ने डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला के आरोपों का पूरी तरह से खंडन किया। नेता प्रतिपक्ष ने डिप्टी सीएम के द्वारा लगाए जाने वाले आरोपों को वापस लेने की मांग रखी। हाईकोर्ट के सिटिंग जज से पूरे मामले की जांच कराने को लेकर उन्होंने कहा कि सदन के मामले की जांच कैसे कर सकते हैं।
हुड्डा ने कहा कि इस मामले में दोषी प्रिंसिपल के खिलाफ जांच होनी चाहिए। इस पर डिप्टी सीएम ने कहा कि हुड्डा साहब जांच से क्यों डर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं आज भी अपने बयान पर कायम हूं।
CM बोले- गृह विभाग आज लिखेगा लेटर
इस मामले में बोलते हुए सदन के नेता मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पिछले दिन सदन ने जींद से जुड़े एक मामले और आरोपों की जांच सीटिंग जज से कराई जाए। आज गृह विभाग की तरफ से पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखा जा रहा है। पत्र में सीटिंग जज से जांच, जांच का दायरा और टर्म ऑफ रेफरेंस तय किया जाएगा।
अभय ने उठाया पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह का मुद्दा
INLD विधायक अभय सिंह चौटाला ने पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह और जूनियर महिला कोच सेक्सुअल हैरेसमेंट केस का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि चंडीगढ़ में इस मामले में केस दर्ज किया गया, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। अभय चौटाला के सवाल का जवाब देते हुए गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह मामला कोर्ट में है।
कोर्ट जो भी फैसला करेगा, उसी के हिसाब से ही कार्रवाई की जाएगी। अनिल विज ने कहा कि चूंकि मामला कोर्ट में है, इसलिए इस पर सदन में चर्चा नहीं की जा सकती।