आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भाजपा के सबसे सीनियर व रहली से नौ बार के विधायक गोपाल भार्गव ने गुरुवार को प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ ली। सुबह 11 बजे राजभवन में गवर्नर मंगुभाई पटेल ने उनको शपथ दिलाई।
नई विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 दिसंबर से शुरू होगा, जो 21 दिसंबर तक चलेगा। सत्र के पहले दिन विधानसभा के पूर्णकालिक अध्यक्ष और नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। नरेंद्र सिंह तोमर स्पीकर पद की शपथ लेंगे। वही इस सत्र का संचालन करेंगे। इसके लिए अधिसूचना आज ही जारी की जाएगी।
उधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद एसीएस की बैठक लेंगे। वे इससे पहले प्रोटेम स्पीकर के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए।
सीएम ने पहली कैबिनेट बैठक में बुधवार को खुले में मांस की बिक्री और तेज आवाज में बजने वाले लाउड स्पीकर को लेकर अहम फैसले किए। पूर्व सीएम उमा भारती ने गुरुवार को इनकी तारीफ की है।
ऐसी है प्रोटेम स्पीकर की व्यवस्था
प्रोटेम स्पीकर का जिक्र संविधान के अनुच्छेद 180(1) में है। इसमें प्रावधान है कि जब विधानसभा अध्यक्ष या उपाध्यक्ष का पद रिक्त हो तो कार्यालय के कर्तव्यों का पालन ऐसे विधानसभा सदस्य द्वारा किया जाना चाहिए, जिसे राज्यपाल नियुक्त कर सकते हैं। आमतौर पर सदन के सबसे वरिष्ठ सदस्य को प्रोटेम स्पीकर चुना जाता है। इस मामले में वरिष्ठता सदन में सदस्यता से देखी जाती है न कि सदस्य की उम्र से तय की जाती है। संवैधानिक परंपरा के अनुसार प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति के लिए कोई विशिष्ट संवैधानिक या वैधानिक प्रावधान नहीं है।
उमा भारती ने कैबिनेट के फैसलों को अहम बताया
उमा भारती ने डॉ. मोहन यादव की पहली कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसलों पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने X पर लिखा, ‘मोहन यादव की कैबिनेट ने दो महत्वपूर्ण निर्णय किए- खुले में मांस एवं अंडे की बिक्री पर सख्ती तथा धार्मिक स्थानों पर जोर से बजते हुए लाउड स्पीकर पर रोक।
उमा ने लिखा, ‘दोनों समस्याएं सामान्य जनजीवन के लिए बहुत बड़ी परेशानी थीं। उन पर नियंत्रित प्रतिबंध लगाकर नई सरकार ने अपनी मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है। नए मुख्यमंत्री एवं उनकी कैबिनेट का अभिनंदन।’
बुधवार को ही शपथ लेने के बाद डॉ. मोहन यादव उज्जैन पहुंचे, जहां भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। शपथ लेने से पहले मोहन यादव ने कहा, ‘सभी को साथ लेकर चलूंगा और सुशासन सुनिश्चित करूंगा।’