ITDC India e-Press / Agencies

पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग ने भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) पर आधारित ग्रीन प्लेटफार्म पोर्टल का आज शुभारंभ किया। आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश रोडमेप 2023 में एमपीएसईडीसी द्वारा तैयार किया गया पोर्टल पर्यावरणीय मापदंडों के 100 से अधिक भू-स्थानिक आँकड़ों का उपयोग कर वर्तमान स्थिति और स्त्रोत की जानकारी देगा। विभागों से प्राप्त डाटा एक्सिस से ग्रीन प्लेटफार्म पोर्टल की तैयार 132 जीआईएस लेयर में 64 पर्यावरणीय सूचकांको का समावेश किया जा चुका है। विधायक रमेश मेंदोला, प्रमुख सचिव पर्यावरण अनिरूद्ध मुखर्जी कार्यपालक निदेशक एप्को श्रीमन शुक्ला और सदस्य सचिव मध्यप्रदेश राज्य प्रदूषण बोर्ड ए.ए. मिश्रा भी मौजूद थे।

मंत्री डंग ने बताया कि पोर्टल लगातार वायु, वर्षा सहित पर्यावरण के विभिन्न आयामों के डाटा को लगातार अपडेट करता रहेगा। इससे प्रदेश के पर्यावरण की मॉनिटरिंग के साथ ही डाटा उपलब्ध होते रहेंगे। इससे पर्यावरण संरक्षण के समय रहते उपाय किया जा सकेगा। डाटा का लाभ पर्यावरण, नीति निर्धारकों, प्रशासनिक निकायों, विभिन्न परियोजनाओं और शोधार्थियों को भी मिलेगा। पोर्टल पर जिला, तहसील, ग्राम पंचायत और ग्राम स्तर पर उपलब्ध पर्यावरण के आँकड़े का उपयोग सापेक्ष अध्ययन के लिये होगा।