आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली शराब नीति मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) नेता और सांसद संजय सिंह के तीन करीबियों को समन भेजा है। इनमें विवेक त्यागी, सर्वेश मिश्रा और कंवरबीर सिंह का नाम शामिल है। सर्वेश मिश्रा आज ही ED के सामने पेश हो सकते हैं।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक ED इन तीनों से संजय सिंह के सामने पूछताछ करेगी। AAP सांसद फिलहाल 10 अक्टूबर तक ED की हिरासत में हैं। सिंह को बुधवार 4 अक्टूबर को उनके दिल्ली वाले घर से ED ने दिनभर की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था।
जांच एजेंसी का आरोप- एक ने पैसा लिया, एक ने प्रॉफिट में हिस्सा
संजय के इन करीबियों पर आरोप लगाते हुए ED ने कहा है कि सर्वेश ने संजय सिंह के घर पर उनकी तरफ से दो बार में 2 करोड़ रुपए लिए थे। वहीं संजय के पर्सनल असिस्टेंट विजय त्यागी को आरोपी अमित अरोड़ा की कंपनी अरालियास हॉस्पिटैलिटी के कमर्शियल प्रॉफिट में हिस्सा ऑफर किया गया था। ED इन तीनों से क्राइम और इससे हुई पूरी आय का पता लगाने सवाल-जवाब करेगी।
BJP बोली- संजय ही नहीं पूरी आम आदमी पार्टी दोषी
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने संजय के करीबियों को समन भेजे जाने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी में भ्रष्टाचार और रोज नए खुलासे होना आम बात हो गई है। पॉलिसी में नीतिगत चेंज जिसका मतलब है की केवल संजय सिंह ही नहीं पूरी पार्टी दोषी है। कल कोर्ट ने कहा है की ये गिरफ्तारी किसी भी तरह से गलत नहीं है। आज दिल्ली की जनता अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
संजय ED के रडार पर कैसे आए…
जनवरी में ED की चार्जशीट में जुड़ा था संजय सिंह का नाम ED ने इसी साल जनवरी में अपनी चार्जशीट में संजय सिंह का नाम जोड़ा था। दरअसल, शराब नीति घोटाले में आरोपी से सरकारी गवाह बने दिनेश अरोड़ा ने कहा है कि उसके रेस्तरां में संजय सिंह और दिल्ली के बार-रेस्तरां मालिकों के बीच बैठक हुई थी।
इस मीटिंग में मौजूद मनीष सिसोदिया ने भरोसा दिया था कि दोबारा सरकार बनने पर आबकारी नीति बनाते वक्त शराब कारोबारियों के हितों का ख्याल रखा जाएगा। अरोड़ा ने पार्टी फंड में 82 लाख दिए और वह CM केजरीवाल से मिला। ED की चार्जशीट में नाम जोड़े जाने पर संजय सिंह ने काफी हंगामा मचाया था।
उन्होंने दावा किया कि ED ने उनका नाम गलती से जोड़ दिया है। इस पर ED ने जवाब दिया कि हमारी चार्जशीट में संजय सिंह का नाम चार जगह लिखा गया है। इनमें तीन जगह नाम सही लिखा है। सिर्फ एक जगह टाइपिंग की गलती हो गई थी।
इसके बाद ED ने संजय सिंह को मीडिया में बयानबाजी न करने की सलाह दी थी, क्योंकि मामला कोर्ट में लंबित है। 2 मई को ED की दूसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट जारी की गई थी। इसमें आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का भी नाम सामने आया था। हालांकि उन्हें आरोपी नहीं बनाया गया है।