आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली सनातन महामंडल ने सोमवार को दिल्ली में तमिलनाडु CM के बेटे और स्पोर्ट्स मिनिस्टर उदयनिधि स्टालिन और समाजवादी पार्टी नेता एसपी मौर्य के सनातन धर्म वाले बयान के खिलाफ प्रदर्शन किया। उदयनिधि ने सनातन की तुलना डेंगू, मलेरिया से की थी और कहा था कि इसे जड़ से खत्म कर देना चाहिए।
BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने पहुंचे सांसद बिधूड़ी; संसद में अभद्र व्यवहार के लिए शोकॉज नोटिस मिला था|
भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने पहुंचे हैं। पार्टी ने उन्हें शो कॉज नोटिस जारी किया था, जिसके बाद बिधूड़ी ने नड्डा से मिलने का समय मांगा था। बिधूड़ी ने संसद के स्पेशल सेशन के दौरान बसपा सांसद दानिश अली पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
केरल में PFI से जुड़े रहे कार्यकर्ताओं के घर ED का छापा, 4 जिलों में तलाशी जारी
प्रवर्तन निदेशालय ने केरल में पूर्व PFI कार्यकर्ताओं के घरों पर छापा मारा है। चार जिलों त्रिशूर, एर्नाकुलम, मलप्पुरम और वायनाड की 12 जगहों पर छापेमारी की जा रही है। गैरकानूनी गतिविधियों के लिए केंद्र सरकार ने पिछले साल सितंबर में संगठन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था और इसके कई नेताओं को गिरफ्तार किया था। ED आतंकी गतिविधियों के साथ वित्तीय लेनदेन के संबंधों की जांच कर रही है।
शहडोल-उमरिया हाईवे पर पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, खनिज डिपार्टमेंट शहडोल के निरीक्षक समेत 5 की मौत
मध्यप्रदेश के शहडोल में शहडोल-उमरिया हाईवे पर रविवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया है। मझगंवा के पास तेज रफ्तार SUV पेड़ से टकरा गई, जिसमें 3 की मौके पर मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल 2 लोगों को शहडोल अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतकों में शहडोल जिले के कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को उत्तराखंड के उत्तरकाशी में 3.0 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप सोमवार सुबह 8.35 बजे 5 किमी की गहराई पर आया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले हफ्ते हिमाचल प्रदेश के मंडी और चंबा में भी रिक्टर पैमाने पर 2.8 और 2.1 तीव्रता के हल्के भूकंप आए थे।
राजकोट में ड्रेनेज लाइन का स्लैब धंसा, 12 लोग घायल
गुजरात के राजकोट में रविवार की रात जल निकासी लाइन का स्लैब धंसने से कम से कम 12 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। यह इलाका स्ट्रीट फूड के लिए जाना जाता है और यहां हर दिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं। अधिकारियों ने बताया कि रविवार शाम को यह संख्या सामान्य से ज्यादा थी, क्योंकि श्रद्धालु इलाके के एक पंडाल में भगवान गणेश की पूजा करने के लिए आए थे।