आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली हाईकोर्ट ने नाबालिग के साथ रेप के आरोपी अधिकारी प्रमोदय खाखा के बच्चों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। खाखा की बेटी और बेटे पर अपराध को बढ़ावा देने का आरोप है। खाखा ने कथित तौर पर नवंबर 2020 से जनवरी 2021 के बीच एक नाबालिग लड़की से कई बार बलात्कार किया। उनकी पत्नी सीमा रानी, जिन पर लड़की को गर्भपात कराने के लिए दवा देने का आरोप है। वह भी न्यायिक हिरासत में हैं। प्रमोदय खाखा दिल्ली सरकार में महिला और बाल विकास विभाग में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर तैनात था।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
जम्मू-कश्मीर में सेना के जवान की अपनी ही राइफल से गोली लगने से मौत
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बुधवार को लाइन ऑफ कंट्रोल के पास सेना के एक जवान की अपनी ही राइफल से गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सिपाही अमृतपाल सिंह, मानकोट के सेक्टर में तैनात था। सुबह 5 बजे उसके साथियों ने गोली चलने की आवाज सुनी, जिसके बाद देखा तो अमृतपाल खून से लथपथ पड़ा था। अधिकारी ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। पता लगाया जा रहा है कि सिपाही की मौत दुर्घटनावश हुई है या फिर उसने आत्महत्या की है।
अफगानिस्तान में फिर आया 6.3 तीव्रता का भूकंप, 5 दिन पहले आए भूकंप में 2000 की जान गई थी
अफगानिस्तान में बुधवार को एक बार फिर भूकंप आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 6.3 थी। यह हेरात प्रांत की राजधानी से लगभग 28 किलोमीटर दूर था। हेरात में ही 7 अक्टूबर को भूकंप आ चुका है। उस वक्त भी भूकंप की तीव्रता 6.3 थी। जिसमें 2000 लोगों की जान चली गई थी।
लंदन के लुटन एयरपोर्ट की पार्किंग में लगी आग, सभी फ्लाइट्स सस्पेंड
लंदन के लुटन एयरपोर्ट की पार्किंग में भीषण आग लग गई। हादसा भारतीय समयानुसार गुरुवार तड़के 4:30 बजे हुआ। एयरपोर्ट के टर्मिनल कार पार्क 2 में लगी इस आग की वजह से पार्किंग स्ट्रक्चर डैमेज हो गया और बड़ी संख्या में कारें जलकर नष्ट हो गईं। इसके चलते इस एयरपोर्ट से सभी फ्लाइट्स को सस्पेंड कर दिया गया है और लोगों को कहीं ट्रैवल न करने की सलाह दी गई है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के महागुन सोसाइटी में विदेशी नागरिक की 22वें फ्लोर से गिरकर मौत
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के महागुन सोसाइटी में एक विदेशी नागरिक की 22वें फ्लोर से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक और भारतीय मूल की उसकी पत्नी सैल्युटीना महागुन माय वुड्स सोसाइटी में किराए पर रह रहे थे।
गगनयान मिशन की पहली टेस्ट फ्लाइट 21 अक्टूबर को, इसरो के श्रीहरिकोटा सेंटर पर होगी
इसरो 21 अक्टूबर को गगनयान मिशन की पहली टेस्ट फ्लाइट करेगा। साइंस एंड टेक्नोलॉजी मिनिस्टर जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को यह जानकारी दी। टेस्ट व्हीकल डेवलपमेंट फ्लाइट (टीवी-डी 1) आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में होगी। इसरो अगले साल के अंत में मानव सहित अंतरिक्ष उड़ान की तैयारी कर रहा है। इसके लिए अंतरिक्ष यात्रियों को रखने वाले क्रू मॉड्यूल का टेस्ट किया जाना है।