सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: ग्रेटर नोएडा के PNB में करोड़ों की FD गायब, मैनेजर समेत पांच कर्मचारी निलंबित
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में खाताधारकों की करोड़ों रुपये की जमा पूंजी कथित तौर पर गायब होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई ग्राहकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई। मामला उजागर होने के बाद बैंक प्रबंधन ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, पुलिस और बैंक की एंटी करप्शन टीम मामले की जांच कर रही हैं।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक खाताधारक के परिवार को जरूरत पड़ने पर बैंक से पैसे निकालने पहुंचे तो खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने की जानकारी मिली। शिकायतकर्ता गौतम के अनुसार, उनके पिता के खाते में करीब 94 लाख रुपये जमा थे, लेकिन जांच करने पर केवल 16 हजार रुपये शेष मिले। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। इसी तरह, एक अन्य परिवार ने आरोप लगाया कि उनकी मां के खाते में जेवर एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे के रूप में करीब 1.29 करोड़ रुपये जमा हुए थे। परिवार द्वारा कुछ रकम निकालने के बाद भी खाते में एक करोड़ रुपये से अधिक होने चाहिए थे, लेकिन आरोप है कि खाते में शेष राशि नहीं मिली। इस मामले में अब तक 16 लोगों ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंक ने निलंबित कर्मचारियों की जगह नए स्टाफ की तैनाती भी की है। प्रभावित ग्राहकों को उनकी रकम वापस मिलने का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल कथित हेराफेरी की कुल राशि, रकम के हस्तांतरण और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक नुकसान और जिम्मेदार लोगों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #ग्रेटर #नोएडा #Pnb #करोड़ों #गायब #मैनेजर #समेत #ग्रेटरनोएडाकेPNB