सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र में तीन लोगों की हत्या के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के मकान को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने सील कर दिया और सड़क पर किए गए कथित अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त किया। पुलिस इस मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे और अंतिम संस्कार के दौरान अर्थी को कंधा दिया। पार्किंग विवाद के बाद हुई थी गोलीबारी पुलिस के अनुसार, सआदतगंज के नौबस्ता इलाके में 26 अक्टूबर को पार्किंग और चबूतरे को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गोलीबारी में तिवारी परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शिवाजी तिवारी, शिवेंद्र उर्फ शंभू तिवारी और सुयश तिवारी के रूप में हुई है। घटना के बाद मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को मौके से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसके पिता दिनेश, चाचा सतीश और गिरीश तथा बहनों प्रिया और अदिति को भी गिरफ्तार किया गया।
आरोपी का मकान सील, अवैध निर्माण ध्वस्त एलडीए की प्रवर्तन टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपी के मकान को सील किया और सड़क की जमीन पर बने कथित अवैध हिस्से को गिरा दिया। अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण से संबंधित स्वीकृत नक्शा और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। नजूल भूमि पर कथित कब्जे के संबंध में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार और कारतूस बरामद करने की भी जानकारी दी है। पीड़ित परिवार को नौकरी और शिक्षा में मदद का आश्वासन अंतिम संस्कार से पहले पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सहायता की मांग की थी। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने परिवार को एक सदस्य के लिए नगर निगम में नौकरी और मृतक की बेटी सुमेधा की पढ़ाई का खर्च उठाने का आश्वासन दिया। इसके बाद तीनों शवों का कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार किया गया। मामले में स्थानीय पुलिस की कथित लापरवाही को लेकर भी सवाल उठे हैं। पुलिस आयुक्त ने सआदतगंज के थाना प्रभारी और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी को निलंबित कर जांच के निर्देश दिए हैं। हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #लखनऊ #तिहरे #हत्याकांड #बुलडोजर #कार्रवाई #आरोपी #गिरफ्तार #लखनऊतिहरेहत्याकांडमें