सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: लोकसभा चुनाव के नतीजे के बाद आज चौथा दिन (शनिवार 8 जून) है। नरेंद्र मोदी कल यानी 9 जून को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। वहीं, I.N.D.I.A. ब्लॉक में भी बैठकों-मुलाकातों का दौर जारी है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में दिल्ली की अशोक होटल में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक होगी। इसमें सोनिया, राहुल, प्रियंका गांधी समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे।

बैठक में चुनाव नतीजों पर चर्चा होगी। शाम 5.30 बजे संसद के सेंट्रल हॉल में कांग्रेस के लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की बैठक होगी। खड़गे अशोक होटल में पार्टी नेताओं को डिनर भी देंगे।

वहीं, समाजवादी पार्टी की भी बैठक होनी है। इसमें पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने नए सांसदों से मुलाकात करेंगे।

सपा कार्यालय पर पोस्टर: सबके अखिलेश, अयोध्या के अवधेश

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक बुलाई है। बैठक में पार्टी के सभी सांसद और उम्मीदवार मौजूद रहेंगे। पार्टी कार्यालय के बाहर अखिलेश यादव की तस्वीर और ‘सबके अखिलेश, अयोध्या के अवधेश’ के नारे के साथ पोस्टर लगाए गए हैं।

उद्धव के घर के पास लगे पोस्टर, लिखा- राजतिलक की करो तैयारी… एक अकेला सब पर भारी

शिंदे गुट ने उद्धव ठाकरे के घर के पास हाईवे पर पोस्टर लगवाए हैं। इसमें पीएम मोदी की फोटो के साथ लिखा गया है- राजतिलक की करो तैयारी… एक अकेला सब पर भारी।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना ने पार्टी में हुए बगावत के बाद महायुति के साथ मिलकर पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा था। 15 सीटो पर लोकसभा चुनाव लड़ने वाली एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना को कुल 7 सीटो पर जीत हासिल हुई थी।

कुछ दिन पहले मातोश्री के बाहर बीजेपी नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और नवनिर्वाचित सांसद नारायण राणे का भी पोस्टर लगाया गया था। पोस्टर में उन्हें कोंकण का किंग बताया गया था।

अयोध्या जीतने वाले सपा सांसद बोले-यहां से मोदीजी भी हारते

‘चर्चा तो PM नरेंद्र मोदी के अयोध्या से चुनाव लड़ने की हो रही थी। हम भी खुश थे कि अब अच्छा समय आएगा कि मोदी जी यहां से चुनाव लड़ें। हम जानते थे कि जनता मेरे साथ है। इस बार पीएम भी अयोध्या से लड़ते तो चुनाव हार जाते।’

ये हैं अवधेश प्रसाद, अयोध्या के नए सांसद। सपा से चुनाव लड़ते हुए इन्होंने भाजपा को हरा दिया। दैनिक भास्कर से उन्होंने कहा- मेरे रोम-रोम में राम बसे हैं। भाजपा वालों ने देशवासियों को राम मंदिर के नाम पर गुमराह किया, इसलिए अयोध्या की जनता ने उनका अहंकार तोड़ दिया।

अवधेश प्रसाद ने अयोध्या को ट्रोल करने वालों से कहा- ऐसे लोगों का दिल कमजोर है, मर्यादा पुरुषोत्तम राम की धरती पर लोकतंत्र की मर्यादा को उन्हें स्वीकार करना चाहिए।