आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : चंडीगढ़ के एक फेमस प्राइवेट स्कूल की 50 छात्राओं की आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया में अपलोड करने से हड़कंप मच गया है। सबसे पहले यह फोटो परिवार के पास ही पहुंची। उन्होंने स्कूल को बताया लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद परिवार चंडीगढ़ की SSP के पास पहुंच गया। जिसके बाद इस मामले में IT एक्ट और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

शुरूआती जानकारी के मुताबिक छात्राओं की ये फोटो स्कूल की वेबसाइट से ही डाउनलोड की गई। इसके बाद इन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए एडिट कर अश्लील बना दिया गया।

पिता पहुंचे तो बेटी ने रोते हुए बताया मामला

मामला 10 अक्टूबर का बताया जा रहा है। एक लड़की के पिता छुट्टी के समय उसे स्कूल लेने गए थे। वह लड़की वहां पर मायूस होकर रोने लग रही थी। जब पिता ने इसकी वजह पूछी तो उसने बताया कि सीनियर्स का एक स्नैपचैट पोर्टल है। उस पोर्टल पर उसके अलावा कई अन्य लड़कियों की आपत्तिजनक तस्वीरें शेयर की गई है।

इंटरनेट से हटाई आईडी

जैसे ही पुलिस के पास शिकायत पहुंची तो इसकी गंभीरता को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस के अफसर एक्टिव हो गए। चंडीगढ़ पुलिस के साइबर सेल ने इस स्नैपचैट आईडी को इंटरनेट से हटा दिया है। स्कूल प्रशासन मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल की तरफ से मामले में कोई संतुष्टि पूर्ण जवाब नहीं दिया जा रहा है।

परिवार का दावा- स्कूल से ही जुड़ा आरोपी

मामले में अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि स्कूल के जिस पोर्टल से यह फोटो डाउनलोड की गई है। उस पोर्टल पर अभिभावक, स्कूल के छात्र और स्कूल स्टाफ जुड़ा हुआ है। इस कारण इस तरह की हरकत करने वाला किसी न किसी तरीके से स्कूल से जुड़ा हुआ है। उसकी पहचान कर जल्द से जल्द उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

हंगामे के बाद PCR बुलाई गई, परिजन नहीं माने

मामले का खुलासा होने के बाद स्कूल के गेट पर हंगामा बढ़ता देख मौके पर पीसीआर बुला ली गई थी। जब अभिभावक पीसीआर कर्मियों की बातों से सहमत नहीं हुए तो उन्हें एसएसपी चंडीगढ़ से मिलवाया गया। एसएसपी चंडीगढ़ ने मामले में जांच कर सख्त से सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।