ITDC India e-Press / Agencies

यूपी में मिशन 2027 की तैयारी तेज, बूथ से घर-घर तक पहुंचेगी भाजपा

सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियाँ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने आगामी चुनाव के लिए व्यापक संगठनात्मक और जनसंपर्क रणनीति तैयार की है। इस बार चुनावी अभियान को केवल बड़ी रैलियों तक सीमित रखने के बजाय बूथ स्तर से लेकर समाज के छोटे-छोटे समूहों तक पहुंच बनाने पर जोर दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी चुनावी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

प्रस्तावित योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश की सभी 18 मंडलीय मुख्यालयों पर चुनावी रैलियों को संबोधित कर सकते हैं। वहीं अमित शाह क्षेत्रवार बैठकें और बूथ सम्मेलन आयोजित कर संगठन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के भी विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इन गतिविधियों की शुरुआत 20 नवंबर के बाद किए जाने की योजना है।

भाजपा की रणनीति का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा माइक्रो मैनेजमेंट है। इसके तहत प्रत्येक 50 परिवारों पर एक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी तय करने, बूथ स्तर पर सक्रिय टीम बनाने और घर-घर संपर्क अभियान चलाने की तैयारी है। कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों और पेशेवर वर्गों से सीधा संवाद करेंगे।

इसके अलावा मतदाता सूची के सत्यापन, नए मतदाताओं को जोड़ने और सामाजिक समीकरणों को समझने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पार्टी के छह संगठनात्मक क्षेत्रों में पदयात्राओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों की योजना है। प्रत्येक पदयात्रा में लगभग 25 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। इस व्यापक रणनीति के जरिए भाजपा अपने संगठन को चुनावी अभियान के लिए सक्रिय करने और मतदाताओं तक सीधी पहुंच बनाने की तैयारी में जुटी है।


Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #यूपी #मिशन #2027 #तैयारी #तेज #बूथ #पहुंचेगी #यूपीमेंमिशन2027