आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सितंबर में हुई तेज बारिश ने राजधानी की सड़कें उखाड़ दी हैं। शुरुआती आंकलन में अभी करीब डेढ़ हजार किलोमीटर लंबी 500 से ज्यादा सड़कों के जर्जर होने की बात सामने आई है। कई सड़कें तो ऐसी हैं, जिन पर 2 फीट तक गहरे गड्‌ढे हो गए हैं।

अभी कुछ दिन बारिश के आसार है। इसलिए सड़कें रिन्युवल नहीं हो सकेंगी। बारिश थमते ही 25 सितंबर के बाद सड़कों की तस्वीर सुधर पाएंगी।

भोपाल में नगर निगम और पीडब्ल्यूडी की करीब 4900 किलोमीटर सड़कें हैं। इनमें से लगभग 30% सड़कें बारिश के कारण जर्जर हो गई हैं। कोलार रोड की कॉलोनियां हो या हमीदिया रोड, आनंद नगर, इंद्रपुरी की सड़कें, इनके ऊपर से गुजरना तक मुश्किल हो गया है। वहीं, होशंगाबाद रोड, करोंद, अशोका गार्डन समेत पुराने शहर की कई सड़कों के भी हाल ऐसे ही है।

बारिश में गड्‌ढे उभरे, धूल से भी परेशानी

बारिश के कारण सड़कों पर गड्‌ढे उभर आए। इससे लोग गड्‌ढों में गिरकर चोटिल हो जाते हैं। वहीं, बारिश थमते ही इन सड़कों पर धूल के गुबार उड़ने लगते हैं।

सितंबर की बारिश से ज्यादा हालत बिगड़ी

सड़कों की हालत सितंबर में हुई बारिश से ज्यादा बिगड़ी है। दरअसल, अगस्त में बारिश थमने के बाद जेके रोड, दानिशकुंज, चार इमली, श्यामला हिल्स, शौर्य स्मारक के पास ठंडी सड़क समेत कई सड़कों की मरम्मत निगम और पीडब्ल्यूडी ने करा दी थी। लेकिन सितंबर में कई दिन तक तेज बारिश का दौर चला। इससे सड़कें फिर से उखड़ गईं।

यहां तस्वीर ठीक नहीं

रायसेन रोड पर आईटीआई से लेकर आनंद नगर तक सड़क की हालत ठीक नहीं है। कहीं बड़े-बड़े गड्‌ढे हो गए हैं तो कहीं धूल के गुबार उड़ रहे हैं।

जहांगीराबाद, जिंसी चौराहा, पुल बोगदा में भी सड़कें खस्ता हाल हैं।

चार इमली से तुलसी टॉवर की ओर से जाने वाला रास्ता पूरी तरह से उखड़ गया है।

होशंगाबाद रोड पर सड़क उखड़ी हुई है। बावड़ियाकलां ब्रिज से आगे सड़क पर गड्‌ढे हैं।

बावड़ियाकलां, सलैया, लहारपुर, कटारा, करोंद, छोला के हाल भी ठीक नहीं है।

अयोध्या बायपास, ऐशबाग स्टेडियम के पास के पास भी सड़कें ठीक नहीं है। निगम ने पीडब्ल्यूडी को लिखा लेटर

सड़कों की जर्जर हालत के चलते नगर निगम कमिश्नर फ्रैंक नोबल ए. ने पीडब्ल्यूडी को भी पत्र लिखा है। साथ ही यांत्रिक विभाग के अधिकारियों की बैठक भी की। जिसमें उन्होंने सड़क की मरम्मत करने को कहा है। कमिश्नर ने इंजीनियरों से शहर की सभी सड़कों की मरम्मत, रेनिवेशन एवं रेस्टोरेशन कार्यों के संबंध में जानकारी ली है। उन्होंने सड़कों से जुड़े प्रस्ताव तत्काल देने, सड़कों के गड्ढ़े भरने को भी कहा है। वीआईपी मूवमेंट वाले इलाकों में भी प्राथमिकता से रिन्युवल कराने को कहा है। महापौर मालती राय ने कहा कि सड़कों की मरम्मत जल्द कराई जाएगी।