आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल के करोंद में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा का गुरुवार को दूसरा दिन है। आज दिव्य दरबार का भी आयोजन है। कथा स्थल पर ही कुंड बनाए गए हैं। शास्त्री ने लोगों से आह्वान किया है कि अनंत चतुर्देशी पर लोग कुंडों में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करें। कथा के आयोजक मंत्री विश्वास सारंग हैं।

बुधवार की कथा में शास्त्री ने कहा, ‘सफल आदतें डालने से सफलता प्राप्त होती है। विफल आदतें डालने से विफलताएं मिलती हैं। जीवन में सफल होना है तो हनुमान जी के चरित्र को जीवन में उतार लेना चाहिए। हनुमान जी का भक्त कभी विफल नहीं होता। हनुमान चालीसा को पढ़ना चाहिए, रटना नहीं। जो हनुमान चालीसा को जीवन में उतार लेता है, वही व्यक्ति सफल है।

कथास्थल पर श्रद्धालुओं को ये सुविधाएं भी

300 अस्थाई टॉयलेट बनाए गए हैं। मोबाइल टॉयलेट भी उपलब्ध हैं।

100 से अधिक बड़ी-बड़ी एलईडी लगाई गई हैं।

वॉटर टैंकर के अलावा पाइपलाइन डालकर हजार नल भी लगाए गए हैं।

बाहर से कथा सुनने आने वाले श्रद्धालुओं के रहने के लिए पंडालों में व्यवस्था की गई है।

पंडालों में 200 से ज्यादा कूलर और पंखे भी लगाए गए हैं।

श्रद्धालुओं के बैठने के लिए गद्दे भी लगाए गए हैं।

20 चिकित्सा शिविर भी लगाए हैं।

आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस की व्यवस्था है।