आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: भोपाल एम्स के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के डॉक्टरों ने स्तन कैंसर से पीड़ित महिला की ब्रेस्ट कंजर्वेशन सर्जरी कर स्तन को सामान्य रूप देने में सफलता हासिल की है। यह सर्जरी एम्स के प्रोफेसर और प्रभारी सर्जिकल ऑन्कोलॉजी डॉ. विनय कुमार के मार्गदर्शन में डॉ. नीलेश श्रीवास्तव, डॉ. दीपक कृष्णा, बर्न्स और प्लास्टिक सर्जरी और डॉ. संदीप सहायक प्रोफेसर एनेस्थीसिया के नेतृत्व वाली टीम द्वारा की गई।

नर्मदापुरम की रहने वाली 40 साल की महिला मरीज पिछले छह महीने से बाएं स्तन में कैंसर की गांठ से पीड़ित थी। कई अस्पतालों के चक्कर काटने के बाद बताया गया कि इसके इलाज में ऑपरेशन के द्वारा स्तन को निकालना होगा। जिसमें तीन लाख रुपए तक खर्च आएगा।

इसके बाद परिजन ने एम्स भोपाल के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. नीलेश श्रीवास्तव को दिखाया। यहां डॉक्टर्स ने मरीज की क्लिनिकल, रेडियोलॉजिकल और हिस्टोपैथोलॉजिकल जांचें कर सर्जरी की योजना बनाई गई। सर्जरी के दौरान सेंटिनल लिम्फ नोड बायोप्सी करके फ्रोजन सेक्शन के लिए भेजा गया।

केवल कैंसर संक्रमित भाग को निकाला

प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. मनाल खान ने बताया कि यह एक कॉस्मेटिक ऑपरेशन है, जिसके द्वारा कैंसर पीड़ित रोगी के स्तन को पूरा निकालने के बजाय केवल कैंसर संक्रमित भाग को निकाल कर प्लास्टिक सर्जरी द्वारा स्तन को सामान्य आकार दे दिया जाता है। इससे मरीज के शरीर को सामान्य स्वरूप मिल जाता है।