आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एक भारतीय पारंपरिक थाली में सबसे अच्छा संतुलित आहार होता है। भारतीय पद्धति के अनुसार भोजन करने से बच्चों, गर्भवती महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों को पर्याप्त मात्रा में आवश्यक पोषण मिलता है। ये बातें एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह ने राष्ट्रीय पोषण माह के उपलक्ष्य में आज आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहीं। सिंह ने कहा कि जंक फूड बच्चों के स्वास्थ्य को खराब कर रहा है और इस संबंध में आज माता–पिता को जागरुक करना बहुत आवश्यक है।

इस अवसर पर आयोजित मिलेट रेसिपी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मोटे अनाज से विभिन्न स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार किये। विजयी प्रतियोगियों को पुरस्कृत भी किया गया।

इस दौरान सरोजनी नायडू गर्ल्स पीजी कालेज की आहार एवं पोषण विभाग की मंजुला विश्वास एवं नेशनल हास्पिटल भोपाल की आहार विशेषज्ञ अमिता सिंह ने संतुलित आहार और पोषण विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर एम्स भोपाल की बबिता रघुवंशी की पुस्तक योगा एंड मिलेट्स इन नॉन कम्युनिकेबल डिसिजेस का भी विमोचन किया गया।