आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय वन प्रबंध संस्थान (आईआईएफएम), भोपाल द्वारा “हिंदी पखवाड़ा 2023” का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत संस्थान में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ जिसमे संस्थान के कार्मिकों तथा छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। इस दौरान संस्थान के हिंदी प्रकोष्ठ द्वारा हिंदी निबंध, हिंदी भाषाज्ञान, संदेषवाक्य लेखन, हिंदी भाषण, हिंदी टंकण एवं हिंदी टिप्पण एवं प्रारूपण आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में संस्थान में “हिंदी दिवस” भी मनाया गया जिसके अंतर्गत छात्र-छात्राओं के लिए विशेष रूप से हिंदी भाषा को बढ़ावा देने हेतु वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा “प्रगते मूलं प्रकृतिः” विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें सर्वाधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर राजभाषा के लिए प्रेम व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक के. रविचंद्रन ने कहा, संस्थान द्वारा राजभाषा विभाग के द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है साथ ही संस्थान ऐसे कार्यक्रमों का भव्य रूप से आयोजन करने के लिए प्रयासरत है। इस पखवाड़े के अंतर्गत हिंदी प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है, जिसके लिए प्रकोष्ठ बधाई का पात्र है। पखवाड़े के अन्तर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को संस्थान के निदेशक के. रविचंद्रन द्वारा नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।