आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत की ‘हरित क्रांति’ के जनक एमएस स्वामीनाथन का 98 साल की उम्र में गुरुवार 28 सितंबर की सुबह को चेन्नई में निधन हो गया। उनके परिवार में उनकी पत्नी मीना और तीन बेटियां सौम्या, मधुरा और नित्या हैं। स्वामीनाथन ने धान की ज्यादा पैदावार देने वाली किस्मों को डेवलप करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिली कि भारत के कम आय वाले किसान ज्यादा फसल पैदा करें।

स्वामीनाथन को 1971 में रेमन मैग्सेसे और 1986 में अल्बर्ट आइंस्टीन वर्ल्ड साइंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

पंजाब में किसानों का रेल रोको आंदोलन आज से, अमृतसर के देवीदास पुरा में जुटे

पंजाब के किसान अमृतसर के देवीदास पुरा में दोपहर में रेल-रोको विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे। किसान मजदूर संघर्ष समिति, पंजाब के महासचिव सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि आज से पूरे पंजाब में तीन दिनों के लिए रेल रोको शुरू होगा। इसमें MSP की गारंटी और दिल्ली विरोध प्रदर्शन के दौरान किसानों के खिलाफ मामले वापस नहीं लिए जाने जैसे मुद्दे शामिल हैं।

एक किसान नेता का कहना है, ‘अगर कोई पंजाब के किसानों के साथ दुर्व्यवहार करने की कोशिश करता है, तो फिर हरियाणा के किसान भी पंजाब के किसानों के साथ शामिल हो जाएंगे।’

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों के जॉइंट ऑपरेशन में इस साल 31 आतंकी मारे गए

जम्मू-कश्मीर में इस साल अब तक सुरक्षाबलों के जॉइंट ऑपरेशन में 31 आतंकी मारे जा चुके हैं। इन जॉइंट ऑपरेशन को सेना, पुलिस, SSB, BSF और CRPF ने मिलकर जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग जगहों पर अंजाम दिया।

MP पुलिस ने अवैध हथियार फैक्ट्री पर मारा छापा, 3 लोग गिरफ्तार

मध्य प्रदेश की धार पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल एक गिरोह का भंडाफोड़ किया। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। SP मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने 149 देशी पिस्टल, 2 पिस्टल और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

नासिक के घर में मोबाइल फटा, आग लगने से तीन लोग घायल

महाराष्ट्र के नासिक शहर में बुधवार को एक घर में विस्फोट के बाद आग लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्य झुलस गए। घटना उत्तम नगर, सिडको के तुलजा निवास में सुबह 6 बजे की है। पुलिस को शंका है कि चार्ज करते समय मोबाइल फोन में धमाका हो गया। इससे आसपास के घरों के कुछ शीशे भी टूट गए।