आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ की एक सीट पर उम्मीदवार का ऐलान किया है। पार्टी ने पंडरिया सीट से भावना बोहरा को मैदान में उतारा है। भाजपा अब तक छत्तीसगढ़ की 85 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर चुकी है। अभी 5 सीटों के प्रत्याशियों का नाम सामने आना बाकी है।
वहीं, भाजपा ने मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए कैंडिडेट्स के नाम की पहली लिस्ट जारी की है। इसमें 12 कैंडिडेट्स के नाम हैं। मिजोरम में कुल 40 सीटें हैं। अभी 28 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान होना बाकी है। कांग्रेस ने 16 अक्टूबर को राज्य की 39 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया है।
सिक्किम में बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 40 हुई, 76 लोग अभी भी लापता
सिक्किम में 4 अक्टूबर को तीस्ता नदी में आई बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है। पाकयोंग में सबसे ज्यादा 15 मौतें हुईं हैं। 76 लोग अभी भी लापता हैं। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, सभी चार प्रभावित जिलों से अब तक 4418 लोगों को निकाला गया है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया, “मंगन (2705) गंगटोक (1025), पाकयोंग (58) नामची से (630) लोगों को निकाला गया है। वर्तमान में, राज्य के चार जिलों में 19 राहत शिविरों में 1852 लोग रह रहे हैं।
जम्मू के अरनिया सेक्टर में पाकिस्तानी रेंजर्स ने की गोलीबारी; BSF के दो जवान घायल
जम्मू में आरएसपुरा सेक्टर के अरनिया में मंगलवार शाम बॉर्डर पर पाकिस्तानी रेंजर्स ने गोलीबारी की। इसमें सीमा सुरक्षा बल (BSF) के दो जवान घायल हो गए। घायलों को सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर है। हालांकि BSF ने इस घटना के बारे में चुप्पी साध रखी है। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआती जांच से पता चला है कि गोलीबारी सीमा पार से हुई थी। महुआ ने निशिकांत दुबे और जय अनंत पर मानहानि का मुकदमा किया
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने दिल्ली कोर्ट में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे, पूर्व मित्र और वकील जय अनंत देहाद्राई और कई मीडिया संगठनों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। दुबे और देहाद्राई ने दावा किया था कि मोइत्रा ने संसद में सवाल पूछने के लिए रिश्वत ली थी।
मोइत्रा ने पहले दुबे, देहादराय और कई मीडिया संगठनों को कानूनी नोटिस भेजा था। TMC सांसद ने आरोपों से इनकार किया और कहा कि आरोप झूठे हैं और राजनीतिक लाभ लेने और बदला लेने के लिए लगाए गए हैं। इस मामले की सुनवाई शुक्रवार 20 अक्टूबर को जस्टिस सचिन दत्ता करेंगे।
चारधाम में पहली बार श्रद्धालु 50 लाख के पार
पहली बार उत्तराखंड स्थित चारधाम में तीर्थयात्रियों की संख्या 50 लाख पार हुई है। अप्रैल-मई में यात्रा शुरू होने के बाद केदारनाथ में लगभग 17.08 लाख, बद्रीनाथ में 15.90 लाख, गंगोत्री में 8.46 लाख और यमुनोत्री में 6.94 लाख देशी-विदेशी यात्री दर्शन के लिए पहुंचे हैं। हेमकुंड साहिब में भी 1.77 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।