आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : ग्रेटर नोएडा में रोडवेज बस चलाते वक्त ड्राइवर को हार्ट अटैक आ गया। इसके बाद 30 सवारियों से भरी बस बेकाबू हो गई और आगे जा रहे बाइक सवार 5 लोगों को रौंद दिया। हादसे में 3 की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 1 की हालत गंभीर है। सवारियों ने ही किसी तरह से बस को रोका
ड्राइवर को अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।हादसे के वक्त बस की स्पीड 50 किलोमीटर प्रति घंटे थी। हादसा दनकौर रेलवे स्टेशन के नजदीक मंडी श्याम नगर के पुल के पास दोपहर 12:20 बजे हुआ। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने नोएडा-लखनऊ हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत किया। रोडवेज बस बुलंदशहर डिपो की है।
हार्ट अटैक के बाद बेसुध पड़ा था ड्राइवर
हादसे के वक्त बस नोएडा से बुलंदशहर जा रही थी। दनकौर रेलवे स्टेशन के पास अचानक ड्राइवर ब्रह्म सिंह के सीने में दर्द हुआ और उसने बस से नियंत्रण खो दिया। जब तक वह कुछ समझ नहीं पाया कि उसे क्या हुआ? बस ने दो बाइकों को टक्कर मारी और रौंद दिया, तब यात्रियों का ध्यान ड्राइवर पर गया। देखा कि ड्राइवर बेसुध पड़ा है। उन्हीं यात्रियों में से कुछ लोगों ने किसी तरह से बस में ब्रेक लगाया।
प्रत्यक्षदर्शी बोला-लहराते हुए आई थी बस
हाईवे पर दुकान चलाने वाले दुकानदार ने बताया,”मैं दुकान पर बैठा था, तभी करीब 50 की स्पीड में बस लहराते हुए हाईवे पर दौड़ती नजर आई। जब तक हम लोग कुछ समझ पाते, तब तक बस ने आगे जा रही दो बाइकों को टक्कर मार दी। दो बाइकों पर 2-2 लोग सवार थे, जिनमें 3 के ऊपर पहिया चढ़ गया।
हादसे के बाद सवारियों ने किसी तरह बस रोकी, तब जाकर हम लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। देखा तो बस का चालक बेहोश था। इसके साथ ही सवारियों में चीख पुकार मची थी।
मृतकों में 2 आपस में रिश्तेदार
दुकानदार ने बताया,” हादसे के बाद एक-एक कर सभी सवारियां नीचे उतरीं, तब तक पुलिस मौके पर आ गई और चालक व बाइक सवार 4 लोगों को जीप से गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (GIMS) ले गई।” GIMS में बाइक सवार 3 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि बस चालक और घायल 1 शख्स का इलाज चल रहा है।
बस के ड्राइवर की पहचान बुलदशहर के सलेमपुर के निवासी ब्रह्म सिंह (38) के रूप में हुई है, जबकि बाइक सवार मृतकों की पहचान सुशील (35), बुलंदशहर निवासी करन (32) और हाथरस निवासी बदन सिंह (37) के रूप में हुई है। जबकि एटा के रहने वाले कमलेश (39) घायल हैं।
बदन और कमलेश आपस में जीजा साले हैं। दूसरी बाइक पर सवार करन और सुशील दोस्त थे। करन दनकौर में बहन के यहां रहकर दिल्ली पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहा था।