आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : केंद्र सरकार ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट से कहा कि भारत में अवैध प्रवासियों का डेटा कलेक्ट करना संभव नहीं है। विदेशी नागरिक चोरी-छिपे भारत आते हैं। इनका पता लगाना, हिरासत में लेना और बाहर निकालना काफी मुश्किल है।

दरअसल, असम में अवैध प्रवासियों से जुड़ी सिटीजनशिप एक्ट की धारा 6A से जुड़ी 17 याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हो रही है। सुप्रीम कोर्ट ने 7 दिसंबर को पिछली सुनवाई में केंद्र से एक जनवरी 1966 से 25 मार्च 1971 के दौरान असम में बांग्लादेशी शरणार्थियों को दी गई नागरिकता का डेटा मांगा था।

राज्यसभा सांसद संजय राउत के खिलाफ केस दर्ज, PM मोदी पर आपत्तिजनक लेख लिखने का आरोप

शिवसेना (उद्धव गुट) नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत के खिलाफ महाराष्ट्र के यवतमाल में FIR दर्ज की गई है। संजय राउत पर आरोप है कि उन्होंने PM मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक लेख लिखा है।

संजय राउत शिवसेना (उद्धव गुट) के माउथ पीस सामना अखबार के कार्यकारी संपादक हैं। उन्होंने 11 दिसंबर (रविवार) को सामना में लिखे लेख में PM मोदी की आलोचना की थी।

इस FIR पर संजय राउत ने कहा- PM नरेंद्र मोदी को लेकर हमारा आदर है। हम जो बोलते है, वो निजी नहीं होता है, बल्कि राजनीतिक होती है। दो दिन पहले अमित शाह ने पंडित नेहरू को लेकर बयान दिया था, क्या उन पर कोई केस दर्ज होगा क्या?

सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में SIT गठित हो गई है। इस मुद्दे पर संजय राउत ने कहा- सरकार को SIT बनाना है तो बनाए। जिसे जांच करना है करे। हर शिवसैनिकों पर स्वतंत्र जांच करें। यह सरकार SIT बनाने में ही व्यस्त है।

महाराष्ट्र के रायगढ़ में 325 करोड़ की ड्रग्स जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार; विदेश पहुंचाने की थी प्लानिंग

महाराष्ट्र के रायगढ़ में एक मेडिसिन कंपनी से पुलिस ने 325 करोड़ रुपए की MD ड्रग्स बरामद की है। पुलिस ने 3 ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। IG प्रवीण पवार ने बताया कि पुलिस ने आंचल केमिकल नाम की कंपनी के ऑफिस से 107 करोड़ और गोडाउन से 218 करोड़ की ड्रग्स जब्त की है। ड्रग्स को यहां से विदेश पहुंचाया जाता था। तीनों तस्करों को कोर्ट में पेश कर पुलिस कस्टडी में 14 दिसंबर तक भेज दिया गया है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री की कार से लैपटॉप चोरी; आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के तुगलक रोड इलाके में एक कार ड्राइवर ने पूर्व केंद्रीय मंत्री के जे अल्फोंस की कार से लैपटॉप चुरा लिया। अल्फोंस 6 दिसंबर को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (IIC) आए थे, जब उनकी कार से लैपटॉप चोरी हो गया। पुलिस ने सोमवार को बताया कि IIC आए एक अन्य व्यक्ति के ड्राइवर ने अल्फोंस की कार से लैपटॉप उठा लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

दिल्ली में ऑटो स्पेयर पार्ट्स के गोदाम में आग लगी, दमकल की 7 गाड़ियां मौके पर

दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में सोमवार रात एक ऑटो स्पेयर पार्ट्स के गोदाम में आग लग गई। जानकारी मिलते ही दमकल की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।

बुकावू शहर में बारिश के चलते कई घर ढहे, 14 लोगों की मौत

पूर्वी डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में बुकावू शहर में बारिश के भूस्खलन हुआ, जिससे कई घर ढह गए। इसके चलते करीब 14 लोगों की मौत हुई है। न्यूज एजेंसी ANI ने रॉयटर्स के हवाले से यह जानकारी दी है।