आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : असम के जोरहाट में मिलिट्री स्टेशन के गेट के पास गुरुवार शाम कम तीव्रता का धमाका सुना गया। बताया जा रहा है कि यह IED ब्लास्ट था। लोकल मीडिया में दावा किया जा रहा है कि असम के अलगाववादी गुट ULFA ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। हालांकि उन्होंने अपने किसी मीडिया हैंडल पर इससे संबंधित कोई पोस्ट नहीं किया है। सेना मामले की जांच में जुट गई है।
मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट से झटका, जमानत को लेकर पुनर्विचार याचिका खारिज
दिल्ली शराब नीति घोटाले में जमानत को लेकर दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की पुनर्विचार याचिका सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी। कोर्ट ने गुरुवार कहा कि समीक्षा का कोई मामला नहीं बनता है। सुप्रीम कोर्ट ने 30 अक्टूबर को शराब नीति मामले में सिसोदिया को जमानत देने से इनकार दिया था। सिसोदिया इस आदेश पर दोबारा विचार की मांग कर रहे थे। उन्होंने 29 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल की थी।
मनीष सिसोदिया को 26 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज करते हुए कहा था- घोटाले से जुड़े कई सवालों के जवाब अभी नहीं मिले हैं। इनमें 338 करोड़ का लेन-देन हुआ है, जिसमें सिसोदिया की भूमिका संदिग्ध लग रही है। इसलिए याचिका खारिज की जाती है। कोर्ट ने जांच एजेंसियों को भी निर्देश दिया कि ट्रायल 6 से 8 महीने में पूरा करें। अगर ट्रायल में देर होती है तो सिसोदिया जमानत के लिए 3 महीने के अंदर दोबारा अपील कर सकते हैं।
तमिलनाडु कोर्ट ने ED अफसर को 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा, डॉक्टर से रिश्वत लेने का आरोप
तमिलनाडु के डिंडीगुल कोर्ट ने ED अफसर अंकित तिवारी को 28 दिसंबर तक ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा दिया है। अंकित तिवारी को राज्य की एंटी करप्शन और विजिलेंस ने 2 दिसंबर को डॉक्टर से 20 लाख रुपए रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। गुरुवार को अंकित तिवारी की दो दिनों की पुलिस कस्टडी खत्म होने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया था। अंकित मदुरै ED ऑफिस में पोस्टेड था।
स्टेट एजेंसीज के मुताबिक, ED अफसर ने एक सरकारी डॉक्टर को पुराने मामले में डरा-धमकाकर 3 करोड़ रुपए की डिमांड की थी। हालांकि, बाद में 51 लाख रुपए पर डील फाइनल हुई। डॉक्टर ने घूस की पहली किस्त के रूप में 1 दिसंबर को 20 लाख रुपए दे दिए और विजिलेंस टीम को शिकायत कर दी थी।
विशाखापट्टनम के इंडस अस्पताल में भीषण आग, अब तक 40 मरीजों का रेस्क्यू किया गया
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के इंडस अस्पताल में गुरुवार दोपहर में भीषण आग लग गई। इससे पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियां मौजूद है। अब तक लगभग 40 मरीजों को बचाया गया है। घटना को लेकर अभी और जानकारी आना बाकी है।