सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भोपाल देश में पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य सेवाओं (ईसीएचएस) के तहत पहला सूचीबद्ध संस्थान बन गया है। एक शानदार समारोह में एम्स, भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह और ईसीएचएस के निदेशक कर्नल एस रामपुर ने एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

एम्स, भोपाल में आयोजित एमओयू हस्ताक्षर समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल विपुल सिंघल, जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी), मुख्यालय 21 कोर, मेजर जनरल एसआई डी’कुन्हा, जीओसी, मुख्यालय पीएमपी सब एरिया, मेजर जनरल मनोज नटराजन, ईसीएचएस के प्रबंध निदेशक, ब्रिगेडियर एसएस छिल्लर, ब्रिगेडियर के राहुल रे, अन्य वरिष्ठ रक्षा कर्मी, पूर्व सैनिक, साथ ही एम्स, भोपाल के वरिष्ठ संकाय और अधिकारी उपस्थित थे।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर बोलते हुए अजय सिंह ने कहा कि आज इस MOU के माध्यम से हमें उन लोगों की सेवा करने का अवसर मिलेगा जिन्होंने देश के लिए अपार बलिदान दिया है। उन्होंने रक्षा मंत्रालय द्वारा एम्स, भोपाल पर जताए गए विश्वास के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। सिंह ने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होनें उप-निदेशक कर्नल (अजीत कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस एमओयू में इनका विशेष योगदान रहा है।

लेफ्टिनेंट जनरल विपुल सिंघल, जीओसी मुख्यालय 21 कोर ने एम्स, भोपाल को ईसीएचएस के साथ सूचीबद्ध होने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस अग्रणी प्रयास की सराहना करते हुए इस बात पर प्रकाश डाला कि पूर्व सैनिको को अब एम्स, भोपाल में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। लेफ्टिनेंट जनरल सिंघल ने स्वास्थ्य देखभाल में एम्स, भोपाल के डॉक्टरों की सराहना करते हुए कहा कि आप सब ‘सोल्जर्स इन सिविल यूनिफार्म’ हैं।

मेजर जनरल एसआई डी’कुन्हा, जीओसी, मुख्यालय पीएमपी सब एरिया ने ईसीएचएस की जानकारी देते हुए अत्याधुनिक सुविधाओं और सुपर-स्पेशियलिटी डॉक्टरों के साथ लोगो में विश्वास पैदा करने के लिए एम्स, भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह की सराहना की। एम्स, भोपाल ईसीएचएस के साथ सूचीबद्ध होने वाला देश का पहला संस्थान बन गया है इससे मध्य प्रदेश में 60,000 से अधिक पूर्व सैनिकों के लिए कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी।