आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल और हमास के बीच जारी जंग के बीच अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्र फिलिस्तीन के समर्थन में उतर आए हैं। रविवार देर शाम यूनिवर्सिटी कैंपस में करीब 400 छात्रों ने रैली निकाली। इसमें फ्री फिलिस्तीन, नारा-ए-तकबीर…अल्लाह हू अकबर। ला इल्लाह इल अल्लाह जैसे नारे लगाए। इस रैली का एक वीडियो भी सामने आया है।
रविवार रात 10 बजे एएमयू कैंपस के डक प्वाइंट पर 400 से ज्यादा छात्र इकट्ठा हुए। इनके हाथों में फिलिस्तीन के समर्थन के पोस्टर थे। 10 बजे छात्रों ने कैंपस के अंदर ही रैली निकाली। इस दौरान धार्मिक नारेबाजी भी की। छात्रों के जो वीडियो सामने आए हैं।
इसमें वह कह रहे हैं कि फिलिस्तीन को फ्री किया जाए। वहां जुल्म हो रहे हैं। फिलिस्तीन आजादी मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें आजादी नहीं दी जा रही है। एएमयू फिलिस्तीन के साथ खड़ा है। ये छात्र यूनिवर्सिटी के अलग-अलग कोर्स के रहे हैं। हालांकि, इस मार्च का आयोजन किसने किया यह स्पष्ट नहीं है।
सबसे पहले 3 तस्वीरों में देखिए
इस संबंध में यूनिवर्सिटी प्रॉक्टर प्रो. मो. वसीम अली बताया,”मार्च निकालने की कोई परमिशन नहीं ली गई है। कैंपस में मार्च निकलने की उन्हें सूचना मिली है। इस बारे में वीसी से बात की जा रही है और जांच कराई जाएगी। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”
वहीं, एसपी सिटी मृगांग शेखर पाठक ने कहा,”कैंपस में मार्च निकलने की सूचना मिली है। एएमयू के अधिकारियों से इस बारे में बात की गई है। जिससे कि वह कैंपस के अंदर इस तरह की गतिविधियों को होने से रोके। इसके बारे में प्रशासन और उच्च अधिकारियों को भी सूचना भेजी गई है। अभी इस प्रकरण में कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर कोई शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”
एएमयू में फिलिस्तीन के समर्थन में रैली निकालने के बाद सियासत गरमा गई है। योगी सरकार में मंत्री ने यूनिवर्सिटी को बंद करने की मांग की है। पढ़िए बयान…
योगी के राज्यमंत्री बोले-एएमयू आतंकवादियों का अड्डा
एमएमयू छात्रों का फिलिस्तान के समर्थन में रैली निकालने का मामला सियासी तूल भी पकड़ चुका है। मंत्री ठाकुर रघुराज प्रताप सिंह ने कहा,”एएमयू आतंकवादियों का अड्डा बन चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी ने इजराइल का समर्थन किया है। वहीं दूसरी ओर एएमयू में छात्र फिलिस्तीन के लिए मार्च निकाल रहे हैं। इसलिए मैं प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मांग करता हूं कि यूनिवर्सिटी को बंद करना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा, “चाहे अमेरिका हो, इंग्लैंड हो, जापान हो चाहे जर्मन। हर जगह आतंकवादी हैं और हर आतंकवादी मुस्लिम ही होता है। 40 साल से इस यूनिवर्सिटी से लड़ रहे हैं। यह हिंदुओं के पैसे से संचालित होती है और केवल यहां आतंकवादी ही बनते हैं।
“एएमयू में जो छात्र आतंकवाद का समर्थन कर रहे हैं, उनके खिलाफ रासुका की कार्रवाई करते हुए जेल में डालना चाहिए और फांसी पर चढ़ा देना चाहिए। एएमयू आज आतंकवाद की नर्सरी बन चुका है। इसको समाप्त करना है। क्योंकि हिन्दुस्तान के बारे में जो गलत बोलेगा। उसको इसकी सजा मिलनी चाहिए।”
BJP सांसद बोले-छात्र यहां की छवि खराब करते हैं
वहीं अलीगंढ़ के BJP सांसद सतीश गौतम ने कहा,”एएमयू के छात्र हमेशा ही ऐसा माहौल बनाते हैं, जो यहां की छवि को खराब कर देता है। आतंकी मन्नान वानी इसी मानसिकता का उदाहरण है। देश के प्रधानमंत्री ने इजराइल का समर्थन किया है और आज सारा देश इजराइल के साथ खड़ा है।”
BJP प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा-ये देशद्रोह का मामला
इस मसले पर BJP प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, “ऐसे मसले जिसमें विदेश नीति जुड़ी हो, भारत के पक्ष से अलग होकर अगर कोई भारतीय नागरिक कोई बात करता है तो यह देशद्रोह का मामला है। इस पूरे मामले की अलीगढ़ यूनिवर्सिटी और वहां के प्रशासन को जांच करनी चाहिए। जो भी दोषी हों उनके खिलाफ ठोस और कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।”