आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अखिलेश यादव बुधवार सुबह करीब 11:50 बजे बस से लखनऊ के जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर यानी JPNIC पहुंचे। यहां 100 से ज्यादा पुलिस फोर्स ने उन्हें रोकने की कोशिश की। गेट पर ताला लगा दिया था। टिन शेड की दीवार खड़ी की थी। लेकिन, रोक नहीं पाए। अखिलेश करीब 8 फीट ऊंचा गेट फांदकर JPNIC के अंदर घुस गए।
जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माला चढ़ाई। फिर लौटे और गेट फांदकर ही बाहर निकले। अखिलेश ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा- छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं।
अखिलेश के पीछे-पीछे कुछ सपा नेता भी गेट कूदकर अंदर चले गए। इस दौरान सपा नेताओं की पुलिस से भिड़त हो गई। अब अखिलेश जयप्रकाश नारायण की जयंती पर JPNIC में लगी उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। दरअसल, अखिलेश को ऐसा इसलिए करना पड़ा क्योंकि जेपी की जयंती पर उन्हें माल्यार्पण की अनुमति लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने नहीं दी।
एक दिन पहले ही JPNIC के गेट पर LDA ने ताला जड़ दिया। गेट फांदकर सपा कार्यकर्ता अंदर न जा पाएं, इसके लिए टिन शेड की दीवार खड़ी कर दी। टिन शेड को सपा नेताओं ने उखाड़ फेंका। JPNIC एक कन्वेंशन सेंटर हैं।
अखिलेश बोले-छह साल से JPNIC का निर्माण चल रहा
अखिलेश यादव ने कहा, “आप छह साल से JPNIC का निर्माण कर रहे हैं। अब तो आपका ठेकेदार भी आपकी पार्टी में चला गया है। क्या वजह है कि आप काम पूरा नहीं कर पा रहे हैं। क्या ठेकेदार BJP में नहीं चला गया? ये जनता की सख्ती के आगे सरकार की सख्ती… कभी लोकतंत्र में कामयाब नहीं हो सकती। अगर संविधान और लोकतंत्र नहीं रहेगा तो हमारी-आपकी आजादी कहां? कम से कम सरकार को ऐसे निर्णय नहीं लेने चाहिए।”
अखिलेश बोले-ताला लगाकर आखिर सरकार क्या छिपाना चाहती थी
अखिलेश ने कहा, “समाजवादियों का म्यूजियम…नेताजी और हम समाजवादियों ने मिलकर इसका उद्घाटन किया था। इसे बनाने का मकसद था कि जयप्रकाश जी के जीवन और उनके संघर्ष के बारे में लोग जानें। मुझे लगता है कि देश को परिवर्तन की जरूरत है। शिक्षा, स्वास्थ्य को लेकर जो काम होने चाहिए वो नहीं हो रहे।”
अखिलेश ने कहा, “ये टिनशेड और गेट में ताला लगाकर आखिर सरकार क्या छिपाना चाहती थी? करोड़ों रुपए की बनी चीजों को सरकार ने बर्बाद कर दिया। क्या यही छिपाना चाहती थी? अगर समाजवादी लोग जयप्रकाश जी को माला पहनाते हैं तो दिक्कत किसे और क्यों है। ये अधिकारी बताने को तैयार नहीं।”
पहले कुछ विजुअल देखते हैं…
अखिलेश को रोकने के लिए सुबह से अलर्ट रही फोर्स
JPNIC के गेट के बाहर ही अखिलेश को रोकने के लिए फोर्स सुबह से अलर्ट रही। 100 से ज्यादा पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए। अखिलेश के आने से पहले ही यहां समाजवादी समर्थक जुट गए थे। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गेट खोलने की मांग पर अड़े रहे। मगर, फोर्स उन्हें गेट से दूर रहने की चेतावनी देती रही। फिर अखिलेश पहुंचे तो सभी गेट फांदकर अंदर घुसे। वहीं, 500 से ज्यादा जुटे सपा समर्थक भी टिनशेड उखाड़ फेंकने लगे। इसी बीच सपा समर्थकों और पुलिस में झड़प हो गई। धक्का-मुक्की में कई कार्यकर्ता गिर गए।
गेट पर सपा समर्थक धरने पर बैठे
अखिलेश यादव के माल्यार्पण की अनुमति न दिए जाने पर सपा ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। JPNIC के गेट पर करीब 500 सपा समर्थक धरने पर बैठ गए हैं। ये सरकार और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। गेट खोलने और माल्यार्पण की अनुमति दिए जाने की मांग कर रहे हैं। सपा के वरिष्ठ नेता भी धरने पर बैठे हैं। जिनमें प्रमुख रूप से पार्टी प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, सपा के राष्ट्रीय सचिव राम गोविंद चौधरी भी हैं।