आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: भोपाल की लाइफ लाइन बड़ा तालाब फुल लेवल तक भर गया है। कैचमेंट एरिया और सीहोर जिले में तेज बारिश होने से शुक्रवार सुबह से बड़ा तालाब में पानी तेजी से बढ़ने लगा था। शुक्रवार-शनिवार की रात जब पानी फुल लेवल तक आ गया तो रात 3 बजे भदभदा डैम के 2 गेट खोल दिए गए। 20 साल बाद ऐसा हुआ, जब जुलाई-अगस्त की जगह सितंबर में भदभदा के गेट खोले गए। इससे पहले वर्ष 2003 ऐसा हुआ था। पिछले साल जुलाई में ही गेट खुल गए थे।

शुक्रवार को कैचमेंट एरिया में कोलांस नदी 8 फीट ऊपर तक बही थी। इससे बड़ा तालाब में पानी तेजी से बढ़ा। शाम तक लेवल 1666.30 फीट तक पहुंच गया था, जबकि रात में भी पानी की आवक और बढ़ गई। तालाब का फुल टैंक लेवल 1666.80 फीट है।

बड़ा तालाब का कैचमेंट एरिया कोलांस नदी है, जो सीहोर जिले से आई है। यही वजह है कि सीहोर जिले में जब भी तेज बारिश होती है तो कोलांस उफान पर आ जाती है। गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक सीहोर जिले में तेज बारिश हुई। इससे कोलांस नदी उफान पर आ गई और बड़ा तालाब में पानी का लेवल बढ़ता गया।

अब कलियासोत में बढ़ने लगा लेवल

बड़ा तालाब के लबालब भरने के बाद भदभदा डैम के गेट खुल गए हैं। डैम प्रभारी अजय सिंह सोलंकी ने बताया कि गेट खोलने से पहले आसपास सायरन बजाकर लोगों को अलर्ट कर दिया गया। रात 3 बजे पहला और फिर दूसरा गेट खोला गया।

भदभदा के कुल 11 गेट है। इसका पानी कलियासोत डैम में जा रहा है। इसके बाद इस डैम में तेजी से पानी बढ़ेगा और इसके गेट भी खुल सकते हैं। कलियासोत डैम का वॉटर लेवल 1652 फीट है। डैम की कुल जलभराव क्षमता 1659 फीट है।

डैम में इतना पानी आया

कोलार डैम: इसका वॉटर लेवल 1516.40 फीट है। 1510.03 फीट पानी जमा हो चुका है। इस हिसाब से करीब 6 फीट पानी की और जरूरत है। कोलार डैम से शहर के 40% इलाके में पानी की सप्लाई होती है।

केरवा डैम: कुल 1673 फीट वाले केरवा डैम में अब तक 1669.81 फीट पानी आ चुका है। अब यह सिर्फ 3.19 फीट ही खाली है। इस मानसूनी सीजन में डैम के गेट एक बार भी नहीं खुले हैं, जबकि पिछले साल जुलाई में ही सभी गेट खुल गए थे।

कलियासोत डैम: डैम का वॉटर लेवल 1651.90 फीट है। डैम की कुल जलभराव क्षमता 1659 फीट है। इसके चलते डैम अभी भी 7.10 फीट खाली है। बड़ा तालाब के गेट खुलने पर कलियासोत डैम में पानी आएगा और गेट खुल जाएंगे।

भोपाल रेड जोन से बाहर

भोपाल जिला रेड जोन से बाहर निकल आया है। हालांकि, अभी भी यहां सामान्य से 19% बारिश कम हुई है। भोपाल में अब तक 29.83 इंच बारिश हो चुकी है जबकि 36.72 इंच बारिश होनी चाहिए थी।

मध्यप्रदेश मानसून अपडेट:भोपाल-बैतूल समेत 16 जिलों में बारिश

मध्यप्रदेश में बारिश के दो सिस्टम एक्टिव हैं। भोपाल में शनिवार सुबह 6 बजे तेज बारिश हुई, इसके बाद से रुक-रुक कर पानी गिर रहा है। बड़ा तालाब का लेवल फुल होने पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात 3 बजे भदभदा डैम के 2 गेट खोलना पड़े। 24 घंटे में बैतूल, छतरपुर, शिवपुरी समेत 10 जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्का पानी गिरा। कई नदी-नाले उफान पर आ गए। भोपाल में एक होटल में 6 फीट तक पानी भर गया। यहां से 6 कर्मचारियों को रेस्क्यू करना पड़ा।