आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : गुजरात में पालनपुर शहर के 20 महीने के ब्रेनडेड रियांश यस गज्जर के अंगदान से पांच लोगों को नया जीवन मिला है। दान में मिला लीवर एक 12 वर्षीय बच्चे में सफलतापूर्वक ट्रांसप्लांट किया। वहीं, दोनों किडनी अहमदाबाद स्थित आईकेडीआरसी अस्पताल में दो जरूरतमंद मरीजों में ट्रांसप्लांट की गईं।

281 किमी का ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया था

लीवर को सूरत से मुंबई सड़क के मार्ग से पहुंचाने के लिए पहली बार सूरत से मुंबई तक 281 किमी का ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया था। इसमें सूरत शहर, सूरत ग्रामीण, नवसारी ग्रामीण, वलसाड पुलिस और महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों की पुलिस ने सहयोग किया। गुजरात बॉर्डर से मुंबई तक ग्रीन कॉरिडोर बनाने के लिए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के देखरेख में किया गया।

रियांश घर की पहली मंजिल से गिर गया था

पालनपुर ओमकार रेजीडेंसी निवासी यश गज्जर अडाजण स्थित एक बैंक में कर्मचारी हैं। उनका 20 माह का बेटा रियांश 28 दिसंबर को देर शाम घर के पहली मंजिल से नीचे गिर गया। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर्स ने 1 जनवरी को उसे ब्रेनडेड घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर डोनेट लाइफ संस्था के प्रमुख निलेश मांडलेवाला ने रियांस के परिजनों से संपर्क कर अंगदान के बारे में बताया।

देश और विदेश में कुल 1106 लोगों को नया जीवन दिया

सूरत सहित दक्षिण गुजरात में डोनेट लाइफ संस्था द्वारा कुल 1205 अंगों और टिशु का दान करवाया गया जिसमें से 494 किडनी, 213 लीवर, 50 हार्ट, 46 फेफड़ा, 8 पेनक्रियाज, चार हाथ, एक छोटी आंत और 389 कार्निया का दान करके देश और विदेश में कुल 1106 लोगों को नया जीवन दिया है।