आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: शाहरुख खान के साथ शोमैन सुभाष घई की फिल्म परदेस से रुपहले पर्दे पर डेब्यू करने वाली महिमा चौधरी का आज जन्मदिन है। जब परदेस थिएटर में आई तो महिमा की मुस्कुराहट ने उन्हें नेशनल क्रश का तमगा दिला दिया था। इसके बाद दाग जैसी फिल्मों में भी वो सराही गईं। हालांकि एक एक्सीडेंट ने उन्हें फिल्मों से कुछ दिनों के लिए दूर कर दिया था।
पर्सनल लाइफ भी दुखों से घिरी रही। तलाक और मिसकैरेज का दुख झेलना पड़ा। फिर भी हार नहीं मानी, आगे बढ़ती गईं।
महिमा चौधरी के बर्थडे पर पढ़िए उनके लाइफ के किस्से…
असली नाम रितु चौधरी, सुभाष घई के कहने पर नाम बदला
महिमा चौधरी का जन्म 13 सितंबर 1973 को पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में हुआ था। फिल्मों में आने से पहले उनका नाम रितु चौधरी था। इंडस्ट्री में आने के बाद सुभाष घई के कहने पर उन्होंने अपना नाम महिमा चौधरी रख लिया था। सुभाष घई का मानना था कि M नाम की एक्ट्रेसेस उनकी फिल्मों के लिए लकी होती हैं।
महिमा शुरुआत में स्पोर्ट्स में बहुत अच्छी थीं। पिता को लगता था कि वो बड़ी होकर स्पोर्ट्सपर्सन या आर्मी में जाएंगी, मगर ऐसा कुछ नहीं हुआ।
16-17 साल की उम्र में महिमा का मन फिल्मों में बस लगने लगा। वो फिल्मी दुनिया के सपने देखने लगीं। फिल्मों से उन्हें इतना प्यार हो गया है कि उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में करियर बनाने के बारे में सोचा। जब ये बात उनके पिता को पता चली तो वो काफी नाराज हुए। हालांकि इस समय महिमा को उनकी मां ने पूरा सपोर्ट किया। कई रिपोर्ट्स का दावा है कि महिमा के इस फैसले से नाराज होकर पिता ने उनसे लगभग 1 साल तक बात नहीं की थी।
पहली ऐड में आमिर और ऐश्वर्या के साथ काम किया
एक्टिंग में आने के लिए महिमा ने मॉडलिंग का सहारा लिया। पहला ऐड उन्होंने पेप्सी का किया था। इस ऐड में वो ऐसी मॉडल थी जो दिल्ली से सिलेक्ट हुई थीं और आमिर-ऐश्वर्या को मुंबई से सिलेक्ट किया गया था। ये उस समय का काफी फेमस ऐड में से एक था और उस समय के सभी क्रिकेट मैच के बीच में ऐड को दिखाया जाता था।
फिल्म ठुकराई तो मणिरत्नम खफा हुए
इस ऐड के तुरंत बाद ही उन्हें कई फिल्मों के ऑफर मिलने लगे थे। मणिरत्नम ने भी उन्हें एक फिल्म ऑफर की थी। इसके लिए महिमा ने ऑडिशन दिया था और उनका सिलेक्शन भी हो गया। मगर उन्होंने बाद में मना कर दिया था। वो इस ऐड के बाद तुरंत बाद फिल्मों में काम नहीं चाहती थीं, उस समय उनके पास कॉन्फिडेंस की बहुत कमी थी। इस बात से मणिरत्नम उनसे बहुत खफा हो गए। उन्होंने कहा था, अगर आप को हमारे साथ काम नहीं करना था, तो आपने मेरा इतना टाइम क्यों बर्बाद किया।
इसके बाद उन्होंने वीडियो जाॅकी के तौर पर चैनल V के लिए काम किया। वो इस चैनल के पॉपुलर शो पब्लिक डिमांड को बतौर वीजे होस्ट करती थीं। कुछ समय बीत जाने पर उन्होंने ये काम करना छोड़ दिया था क्योंकि वो आगे लाइफ में बतौर वीजे नहीं, बल्कि बतौर एक्ट्रेस काम करना चाहती थीं।
फिल्म इंडस्ट्री में मिला पहला धोखा
वीजे का काम छोड़ने के बाद महिमा एक साबुन ऐड में दिखी थीं। ऐड में उनका काम देखने के बाद सुभाष घई और विधु विनोद चोपड़ा ने उन्हें फिल्म ऑफर की थी। विधु ने उनके अपोजिट बॉबी देओल को कास्ट किया था। इसके लिए महिमा ने ट्रेनिंग भी लेनी शुरू कर दी थी। कई इंटरव्यू में उन्होंने इस प्रोजेक्ट का खुलासा भी कर दिया था, मगर शूटिंग शुरू होने से पहले ही उन्हें रिप्लेस कर दिया गया। वहीं महिमा को इस बात की खबर भी नहीं थी। मीडिया रिपोर्ट्स से उन्हें रिप्लेसमेंट की खबर पता चली थी।
फिल्म परदेस से एक्टिंग डेब्यू किया
सुभाष घई अपने वादे के पक्के रहे। उन्होंने महिमा से किया अपना वादा निभाया। महिमा के पास फिल्म परदेस के लिए ऑडिशन का काॅल आया। उन्होंने ये ऑडिशन दिया और सिलेक्ट भी हो गईं। पहली हिट फिल्म देने के बाद उनकी दूसरी फिल्म दाग रिलीज हुई और ये भी हिट रही।