ITDC India e-Press / Agencies

आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कर्नाटक के अगले CM सिद्धारमैया होंगे। इसका ऐलान थोड़ी देर में होगा। डीके शिवकुमार के पास डिप्टी CM के साथ, ऊर्जा और सिंचाई मंत्रालय और प्रदेश अध्यक्ष का पद रहेगा। उन्हें यह भी कहा गया है कि सिद्धारमैया का दो साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद अगले तीन साल के लिए कर्नाटक की कमान उन्हें सौंप दी जाएगी।

शपथ ग्रहण समारोह 18 मई को होगा। इसकी तैयारी बेंगलुरु के कांटीरवा स्टेडियम में शुरू चुकी है। दोनों नेताओं के साथ 10 मंत्री शपथ ले सकते हैं।

CM पद को लेकर पिछले चार दिनों से बेंगलुरु से लेकर दिल्ली तक कई बैठकें हुईं। सिद्धारमैया रेस में सबसे आगे चल रहे थे। इससे पहले रविवार को भी कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सभी MLA ने नेता चुनने के लिए खड़गे को अधिकृत किया था। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने ऑब्जर्वर्स से सभी विधायकों से वन-टु-वन बात करने को कहा था। इनमें 80 से ज्यादा विधायकों ने सिद्धारमैया के फेवर में वोट किया था।

इन 2 फॉर्मूला पर बात हुई थी…

पहला: सिद्धारमैया को पहले ढाई साल तक CM बना दीजिए। फिर ढाई साल बाद कुर्सी डीके को दी जाए।

दूसरा: सिद्धारमैया को CM बना दिया जाए। डीके को PCC के चीफ के अलावा दो बड़े मंत्रालय दिए जाएं।

कर्नाटक से जुड़े दो अपडेट्स

सिद्धारमैया सुबह 11.15 बजे राहुल गांधी से मिलने के लिए 10 जनपथ पहुंचे। दोनों के बीच करीब एक घंटे बातचीत हुई। इस दौरान उनके साथ विधायक भी मौजूद रहे।

डीके शिवकुमार दोपहर 12:15 बजे राहुल से मिलने पहुंचे। इससे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने सोनिया गांधी से मुलाकात की थी।

डीके शिवकुमार ने मंगलवार सुबह बेंगलुरु में कहा, ‘हम सब एक हैं। हम 135 हैं। मैं किसी को डिवाइड नहीं करना चाहता। वे भले ही मुझे पसंद करें या नहीं। मैं एक जिम्मेदार व्यक्ति हूं। मैं धोखा नहीं दूंगा और ना ही ब्लैकमेल करूंगा। हमने कांग्रेस पार्टी को बनाया, हमने इस घर को बनाया। मैं इसका हिस्सा हूं।’