ITDC India e-Press / Agencies

आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल:  पटना में विपक्षी पार्टियों की पहली बड़ी बैठक थोड़ी देर में मुख्यमंत्री आवास एक अणे मार्ग में शुरू होगी। इसमें भाजपा के खिलाफ लड़ने का रोडमैप तैयार होगा। कांग्रेस कार्यालय में राहुल गांधी ने कहा कि हम सब मिलकर बीजेपी को हराएंगे। देश में दो विचारधारा की लड़ाई चल रही है। एक तरफ कांग्रेस की भारत जोड़ो विचारधारा है तो दूसरी ओर बीजेपी-आरएसएस की भारत तोड़ो।

बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत 15 विपक्षी दलों के नेता जुटे हुए हैं। बैठक में 6 राज्यों के मुख्यमंत्री और 5 पूर्व मुख्यमंत्री रहेंगे।

15 पार्टियों के नेता पटना में

ये पार्टियां शामिल होंगी: जेडीयू, आरजेडी, आम आदमी पार्टी, डीएमके, टीएमसी, सीपीआई, सीपीएम, सीपीआई (एमएल), पीडीपी, नेशनल काॅन्फ्रेंस, कांग्रेस, शिवसेना, सपा, जेएमएम और एनसीपी।

नेता, जो मीटिंग में शामिल होंगे: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान,डी राजा, दीपांकर भट्टाचार्य और महबूबा मुफ्ती। ये सभी नेता गुरुवार को पटना पहुंच गए थे। इनके अलावा राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे, एनसीपी के शरद पवार और जम्मू-कश्मीर नेशनल काॅन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला, सपा के अखिलेश यादव, शिवसेना के उद्धव ठाकरे, जेएमएम के हेमंत सोरेन शुक्रवार को पटना पहुंचे। JDU से नीतीश कुमार, RJD से तेजस्वी यादव शामिल होंगे।

अपडेट्स…

राहुल और खड़गे को रिसीव करने नीतीश कुमार एयरपोर्ट पहुंचे थे।

राहुल गांधी साढ़े सात साल बाद कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम पहुंचे हैं। उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद हैं।

राहुल गांधी ने कहा, आपका मूड कैसा है। आप जानते हैं कि भारत में विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ कांग्रेस की भारत जोड़ो और दूसरी तरफ बीजेपी-आरएसएस की तोड़ने वाली विचारधारा है। इसलिए हम बिहार आए हैं।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सभी को मिलकर लड़ना है। इसलिए हम आए हैं। हमसे राहुल गांधी ने कहा कि एक-एक दल को बुलाकर बात करेंगे। इसलिए यह मीटिंग हो रही है। छोटे-मोटे मतभेद भुलाकर आगे बढ़ना है।

NCP प्रमुख शरद पवार ने कहा कि हम देश के कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने और भविष्य की रणनीति तय करने के लिए बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में मणिपुर मुद्दे पर भी होगी चर्चा।