आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : 60 से 70 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस लीना चंदावरकर आज 73 साल की हो चुकी हैं। एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीतकर फिल्मों में आईं लीना ने उस जमाने के हर सुपरस्टार के साथ काम किया। मशहूर गाना जानें क्यों लोग मोहब्बत किया करते हैं…, ढल गया दिन हो गई शाम…. और हाय रे हाय, नींद नहीं आए… उन्हीं पर फिल्माया गया था, जो आज भी लोगों की जुबां पर रहता है।
फिल्मों में अपनी अदाकारी से नाम, शोहरत कमाने वालीं लीना की निजी जिंदगी किसी ट्रेजेडी से कम नहीं थी। 25 साल की उम्र में लीना ने फिल्में छोड़कर शादी की, लेकिन शादी के महज 11 दिनों बाद ही एक हादसे में उनके पति की गोली लगी और 11 महीने बाद वो विधवा हो गईं। फिर जब 20 साल बड़े किशोर कुमार को उनसे प्यार हुआ तो उन्हें शादी करने के लिए खूब पापड़ बेलने पड़े।
आज लीना चंदावरकर के जन्मदिन के खास मौके पर पढ़िए उनकी कहानी-
ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीतकर फिल्मों में आईं थीं लीना
29 अगस्त 1950 को लीना का जन्म कोंकणी मराठी परिवार में धारवाड़, कर्नाटक में हुआ था। उनके पिता श्रीनाथ चंदावरकर एक आर्मी अफसर थे। कम उम्र में ही लीना का झुकाव ग्लैमर इंडस्ट्री की तरफ होना शुरू हो गया। कुछ महीनों तक मॉडलिंग करने के बाद उन्होंने फिल्मफेयर द्वारा आयोजित किए जाने वाले फ्रेश फेस ब्यूटी कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया। देशभर से कई लड़कियों ने इसमें हिस्सा लिया और इस कॉम्पिटिशन में लीना ने दूसरा स्थान हासिल किया था। जीतने के बाद उन्हें लगातार मॉडलिंग के बड़े प्रोजेक्ट मिलने लगे।