आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आज लद्दाख दौरे का आखिरी दिन है। उन्होंने कारगिल में एक रैली को संबोधित किया। राहुल ने भारत-चीन बॉर्डर पर चल रहे गतिरोध को लेकर कहा- चीन ने हजारों किमी जमीन हमसे छीनी है। मगर पीएम ने इस पर झूठ बोला। वह कह रहे हैं एक इंच जमीन नहीं गई। यह सरासर झूठ है।

कारगिल में अपने लद्दाख दौरे का समापन करके राहुल श्रीनगर निकल जाएंगे। यह उनका निजी दौरा है। वह हाउसबोट और होटल में दो दिन बिताएंगे। शनिवार को राहुल की मां सोनिया भी श्रीनगर पहुंचेंगी।

जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकार रसूल वानी ने बताया, यह उनका फैमिली टूर है। इस दौरान वह कोई पॉलिटिकल मीटिंग नहीं करेंगे।

कारगिल में राहुल के संबोधन की बड़ी बातें…

राहुल ने पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम पर कटाक्ष करते हुए कहा- मैं लद्दाख के कोने-कोने में गया। गरीबों, माताओं-बहनों और युवाओं से बात की। आपके दिल की बात समझने की कोशिश की। दूसरे नेता अपने ‘मन की बात’ करते हैं। मैंने सोचा मैं आपके मन की बात सुनूं।

राहुल ने कहा- कुछ महीने पहले, हम भारत जोड़ो यात्रा के तहत कन्याकुमारी से कश्मीर तक चले थे। इसका उद्देश्य देश में भाजपा-आरएसएस द्वारा फैलाई गई नफरत और हिंसा के खिलाफ खड़ा होना था। यात्रा से जो संदेश निकला वह था-‘नफरत के बाजार में हम मोहब्बत की दुकान खोलने निकले हैं। पिछले कुछ दिनों में मुझे खुद यह देखने को मिला। यात्रा के समय मैं लद्दाख नहीं जा सका। लद्दाख में यात्रा करना मेरे दिल में था और इस बार मैंने इसे मोटरसाइकिल से पूरा किया।

राहुल के लद्दाख दौरे के हर दिन की डिटेल पढ़ें…

24 अगस्त : कारगिल में सेना के जवानों से मिले, रैली को संबोधित किया

लद्दाख दौरे के दौरान 24 अगस्त को राहुल गांधी ने कारगिल में सेना के जवानों से मुलाकात की। इसकी तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट की और लिखा- हमारी सीमाओं पर भारत माता के सपूत खड़े हैं। भारत माता की खातिर ये किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं। उनकी आंखों में एक बार देखना, उनसे एक बार बात करना या उनके जीवन की एक झलक आपको जीवन भर के लिए प्रेरित करने के लिए काफी है। इसी के साथ राहुल ने एक रैली को भी संबोधित किया।

22 अगस्त : लेह से बाइक चलाकर 130 किलोमीटर दूर लामायुरू पहुंचे

22 अगस्त को राहुल गांधी लेह से बाइक चलाकर 130 किलोमीटर दूर लामायुरू पहुंचे थे। कांग्रेस ने राहुल की ट्रिप की तस्वीरें ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा कि मोहब्बत का सफर जारी है। बाद में राहुल बाइक से ही कारगिल की जंस्कार तहसील भी गए। बाद में कारगिल टाउन पहुंचे। राहुल की लद्दाख विजिट उनकी भारत जोड़ो यात्रा की ही विस्तार है। जयराम ने 22 अगस्त को कहा था कि जनवरी में लद्दाख के लोगों के एक डेलिगेशन ने राहुल से लद्दाख आने के लिए कहा था। इस वजह से राहुल पूरे लद्दाख की यात्रा कर रहे हैं।