आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सरोजिनी नायडू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में तीन दिवसीय युवा उत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत आज संगीत की विभिन्न विधाओं, कार्टूनिंग, स्थलचित्रण, मिमिक्री, एकांकी व मूक अभिनय का आयोजन किया गया। आज के कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य शैलबाला सिंह बघेल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में बघेल ने अपने वक्तव्य से छात्राओं को बेहतर प्रस्तुति देने हेतु प्रेरित किया एवं युवा उत्सव कार्यक्रमों के महत्व को समझाया। कार्यक्रम शुभारंभ के अवसर पर युवा उत्सव प्रभारी संजना शर्मा एवं प्रतियोगिता प्रभारी सुधा दीक्षित, अशोक नेमा, अर्चना चौहान, कविता सिंह, नीना श्रीवास्तव, भावना रमैया, संतोष रलावनिया, लोकेंद्र सिंह एवं निशी शर्मा उपस्थित रहे। कार्टूनिंग में छात्राओं ने बरसात एवं सेल्फी पा आधारित अनेक कार्टून बनाए। स्थलचित्रण में भारतीय त्यौहारों के महत्वों को दर्शाते चित्र उकेरे । महाविद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न स्वर शैलियों में संगीत की भारतीय एवं पाश्चात्य संगीत विधाओं में अपने स्वरों की अभिव्यक्ति दी । एकल गायन, सुगम गायन, समूह गायन शास्त्रीय वादन (परकशन एवं नॉन- परकशन) भारतीय एवं पाश्चात्य गायन तथा अभिनय की विभिन्न विधाओं यथा एकांकी एवं मूक अभिनय द्वारा छात्राओं ने उपस्थित दर्शकों एवं श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। एकल गायन में रागरागेश्वरी और स्वर नटराज तथा सामूहिक गायन में देशभक्ति एवं तिरंगा पर आधारित गीतों का गायन किया गया। मूक अभिनय में हिमानी पांडे एवं टीम ने गर्ल एजुकेशन पर आधारित प्रस्तुति दी तथा मिमिक्री में ऋषिता सिंह ठाकुर ने फिल्मी जीवन कलाकारों की मिमिक्री कर प्रस्तुति दी। सुगम गायन में भारतीय संस्कृति एवं परंपरा पर आधारित गीतों को गाकर उपस्थित दर्शकों का ध्यान खींचा।