आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली में 4 दिन से यमुना नदी खतरे के निशान के ऊपर है। शुक्रवार सुबह यमुना नदी का जलस्तर 208.40 मीटर पहुंच गया है। यह खतरे के निशान 205 मीटर से 3.4 मीटर ज्यादा है।
दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के बाहर सड़क पर पानी भर गया है। बाढ़ का पानी यमुना बाजार, लालकिले, राजघाट और ISBT-कश्मीरी गेट तक पहुंच गया है। यहां 3 फीट तक पानी भर गया।
इसके अलावा मजनू का टीला, निगम बोध घाट, मोनेस्ट्री मार्केट, वजीराबाद, गीता कॉलोनी और शाहदरा एरिया सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। निचले इलाकों को खाली करा लिया गया है।
लोगों की मदद के लिए NDRF की 16 टीमें लगाई गई हैं। 2,700 राहत शिविर लगाए गए हैं। अब तक यमुना के आस-पास से 23 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
इस बीच पीएम मोदी ने फ्रांस से अमित शाह को फोन करके दिल्ली में बाढ़ के हालात का जायजा लिया। शाह ने पीएम को बताया, अगले 24 घंटे में यमुना का वाटर लेवल कम हो सकता है।
दिल्ली में बाढ़ से जुड़े अपडेट्स…
दिल्ली सीएम केजरीवाल ने सेना से मदद की मांग की है। यह जानकारी उन्होंने ट्वीट करके दी।
NDRF के DIG मोहसिन शहीदी ने बताया कि दिल्ली में बाढ़ से 6 जिले प्रभावित हैं।
बाढ़ से तीन वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने पड़े, जिससे अगले एक-दो दिन दिल्ली को 25% कम पानी मिलेगा।
गुरुवार को दिल्ली में सिंचाई एवं बाढ़ नियत्रंण विभाग का रेगुलेटर खराब हो गया।
राजधानी के सभी स्कूल-कॉलेज रविवार तक बंद रहेंगे। सरकारी दफ्तरों में वर्कफ्रॉम होम लागू कर दिया है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई इलाकों में पानी भर जाने से रूट्स में बदलाव किया है।
लाल किले में पानी भर जाने से टूरिस्ट के लिए फिलहाल बंद कर दिया गया है।
तस्वीरों में देखिए दिल्ली में बाढ़ के हालात…
अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…
इन राज्यों में तेज बारिश होगी: दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, ओडिशा, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल।
इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: जम्मू-कश्मीर, पंजाब, झारखंड, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
अलग-अलग राज्यों के मौसम से जुड़े अपडेट्स..
उत्तराखंड के हरिद्वार में गंगा नदी अपने रिकॉर्ड लेवल पर है। यहां रायसी में गंगा का जलस्तर 232.67 मीटर दर्ज हुआ, जबकि पिछला रिकॉर्ड 232.24 मीटर का है।
राज्य के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश समेत पूरे राज्य में भारी बारिश का अलर्ट है। 39 ग्रामीण और 4 स्टेट हाईवे बंद हैं।
उत्तर प्रदेश के मथुरा में भी यमुना नदी उफान पर है। यहां खतरे का निशान 166 मीटर पर है और गुरुवार शाम यमुना 165.2 मी. पर पहुंच गई।
हिमाचल में 18 घंटे चले ऑपरेशन में लाहौल-स्पीति के चंद्रताल में फंसे 293 पर्यटकों को बचा लिया गया है। हिमाचल में अब तक 91 लोग जान गंवा चुके हैं। वहीं, 1000 रास्ते अभी भी बंद हैं।