आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। उन्होंने सागर के बीना रिफाइनरी में 50 हजार करोड़ के पेट्रो केमिकल प्लांट की आधारशिला रखी। रिफाइनरी से 3 किलोमीटर दूर हड़कलखाती गांव में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि- घमंडिया गठबंधन सनातन को समाप्त करना चाह रहा है। गांधी जी के आखिरी शब्द थे हे राम…। वे जीवन भर सनातन के पक्ष में रहे। सभास्थल से ही मोदी ने 1800 करोड़ के इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट्स का वर्चुअली शिलान्यास किया। इनमें नर्मदापुरम के ऊर्जा एवं नवकरणीय ऊर्जा उत्पादन प्रक्षेत्र, आईटी पार्क-3 व 4 इंदौर, मेगा इंडस्ट्रियल पार्क रतलाम, 6 इंडस्ट्रियल पार्क (नर्मदापुरम, गुना, शाजापुर, मऊगंज, आगर-मालवा और मक्सी) शामिल हैं।
प्रधानमंत्री का मध्यप्रदेश में 6 महीने में यह 6वां दौरा है। 12 अगस्त को उन्होंने सागर आकर संत रविदास मंदिर की आधारशिला रखी थी।
प्रधानमंत्री का भाषण अपडेट्स…
बुंदेलखंड की धरती वीरों-शूरवीरों की धरती है। भूमि को बीना-बेतवा का आशीर्वाद मिला हुआ है। मुझे तो महीने भर में दूसरी बार सागर आकर आप सभी के दर्शन का सौभाग्य मिला। मैं शिवराज सरकार का भी अभिनंदन करता हूं कि आज आप सभी के बीच आकर आपके दर्शन का अवसर दिया।
पिछले बार मैं संत रविदास जी की उस भव्य स्मारक के अवसर पर आपके बीच आया था। आज मुझे मध्यप्रदेश के विकास को नई गति देने वाली अनेक परियोजनाओं का भूमि पूजन करने का अवसर मिला। ये परियोजनाएं इस क्षेत्र के ओद्यौगिक विकास को नई ऊर्जा देगी। इन परियोजनाओं पर केंद्र सरकार 50 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च करने वाली है।
आप कल्पना कर सकते हैं कि 50 हजार करोड़ रुपए क्या होता है? हमारे देश के बहुत सारे राज्यों का पूरे साल का बजट भी इतना नहीं होता है, जितना आज एक ही कार्यक्रम के लिए भारत सरकार लगा रही है। ये दिखाता है कि मध्यप्रदेश के लिए हमारे संकल्प कितने बड़े हैं। ये सारे प्रोजेक्ट्स आने वाले समय में मध्यप्रदेश में हजारों युवाओं को रोजगार देंगे।
ये परियोजनाएं गरीब, मध्यम वर्गीय परिवार के सपनों को सच करने वाली हैं। मैं बीना रिफाइनरी के विस्तार और अनेक सुविधाओं के शिलान्यास के लिए मध्यप्रदेश के कोटि-कोटि जनों को बहुत बधाई देता हूं। साथियों, आजादी के इस अमृत काल में हर देश वासी अपने भारत को विकसित बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प की सिद्धि के लिए ये जरूरी है कि भारत आत्मनिर्भर हो। हमें विदेशों से कम से कम चीजें मंगानी पड़ें।
आज भारत पेट्रोल – डीजल तो बाहर से मंगाता ही है, हमें पेट्रो – केमिकल प्रोडक्ट्स के लिए भी दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता है। आज बीना रिफाइनरीस में पेट्रो केमिकल कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास हुआ है, वो भारत को ऐसी चीजों के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने का काम करेगा। बहुत से लोगों को यह पता ही नहीं होता कि प्लास्टिक पाइप, बाल्टी-मग, कुर्सी – टेबल, पेंट, पैकिंग मटीरियल, मेडिकल उपकरण में पेट्रो केमिकल की बहुत बड़ी भूमिका होती है।
अब बीना में बनने वाला यह कॉम्प्लेक्स इस पूरे क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाई पर ला देगा। यह मैं आपको गारंटी देने आया हूं। यहां नई इंडस्ट्री आएंगी। किसानों, छोटे उद्यमियों को मदद मिलेगी ही, सबसे बड़ी बात है मेरे नौजवानों को भी रोजगार के हजारों मौके मिलने वाले हैं। नए भारत में मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर का भी कायाकल्प हो रहा है। जैसे-जैस देश की जरूरत बढ़ रही है, जरूरतें बदल रही है। मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर को भी आधुनिक बनाना उतना ही जरूरी है। इसी सोच के साथ आज यहां इस कार्यक्रम में एमपी के दस नए इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया गया।