आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हरियाणा के नूंह में हिंसा के बाद राज्य सरकार के बुलडोजर एक्शन पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। हाईकोर्ट का आदेश आते ही डिप्टी कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने तुरंत अधिकारियों को कार्रवाई से रोक दिया। सरकार की डेमोलिशन ड्राइव का हाईकोर्ट ने सुओ-मोटो लिया था। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की जस्टिस गुरमीत सिंह संधावालिया ने रोक के आदेश दिए।

नूंह में पिछले 4 दिन से तोड़फोड़ की कार्रवाई चल रही थी। इस दौरान 753 से ज्यादा घर-दुकान, शोरूम, झुग्गियां और होटल गिराए जा चुके हैं। प्रशासन ने इन्हें अवैध बताते हुए कहा कि इनमें रहने वाले 31 जुलाई की हिंसा में शामिल थे।

नूंह में अब तक प्रशासन ने 37 जगहों पर कार्रवाई कर 57.5 एकड़ जमीन खाली कराई। इनमें 162 स्थायी और 591 अस्थायी निर्माण गिराए गए। नूंह शहर के अलावा पुन्हाना, नगीना, फिरोजपुर झिरका और पिंगनवा जैसे इलाकों में भी अतिक्रमण हटाए गए।

कल प्रशासन ने हिंसा के दिन जिस 3 मंजिला सहारा होटल से पत्थरबाजी की गई, उसे भी गिरा दिया था। प्रशासन का कहना है कि होटल मालिक को सब पता था लेकिन उसने दंगाईयों को पत्थर इकट्ठा करने से नहीं रोका।

नूंह में कर्फ्यू में ढील बढ़ी

नूंह में हिंसा के बाद कर्फ्यू में ढील बढ़ने लगी है। सोमवार को प्रशासन ने सरकारी ऑफिस, बैंक-एटीएम खुलने की छूट दे दी है। हालांकि बैंक और ATM सुबह 11 बजे से 3 बजे तक ही खुलेंगे। कर्फ्यू में छूट का समय अब सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी ऑफिस या बैंक-एटीएम जाने के लिए लोग पहचान पत्र दिखाकर जा सकते हैं।

नूंह में 8 अगस्त की रात 12 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा। पलवल में आज यानी 7 अगस्त रात 12 बजे तक इंटरनेट बंद किया गया है। फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में भी तनावपूर्ण हालात को देखते हुए रविवार देर रात इंटरनेट बंद कर दिया गया। जो आज रात 12 बजे तक बंद रहेगा।

नूंह से सटे पलवल जिले में एक हफ्ते से बंद स्कूल और दूसरे शिक्षण संस्थान खुल गए हैं। हालांकि सरकारी स्कूलों में बच्चे काफी कम गिनती में पहुंचे हैं। यहां सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।

कांग्रेस MLA से अतिरिक्त सुरक्षा वापस ली, 2 गनमैन रहेंगे

नूंह के फिरोजपुर झिरका सीट से कांग्रेस विधायक मामन खान से सरकार ने अतिरिक्त सुरक्षा वापस ले ली है। हालांकि उनके पास बतौर MLA प्रोटोकॉल के तहत 2 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। सिक्योरिटी हटाने को लेकर मामन खान ने कहा कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं।