आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: पहाड़ों में तेज बारिश का दौर जारी है। उत्तरकाशी और करगिल में 21 जुलाई की देर रात बादल फटने की घटना सामने आई। यमुनोत्री हाईवे पर लैंडस्लाइड हो गया और कई गाड़ियां दब गईं। वहीं, स्कूलों में भी मलबा जमा हो गया। बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। SDRF और फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात की गई हैं।

उधर, राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर में भारी बारिश हुई है। जोधपुर की एक गली में पानी के तेज बहाव में बाइक, स्कूटी सवार बह गए। यहां 2 घंटे में 66.8 मिमी बारिश हुई।

महाराष्ट्र के पालघर, मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। रायगढ़ के इर्शालवाडी में लैंडस्लाइड से मरने वालों की संख्या 22 हाे गई है, 86 लोग लापता हैं।

दिल्ली में एक बार फिर यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया। हिमाचल में भी 22 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान है। ओडिशा के 15 जिलों में अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट है।

अब जानिए देश के मौसम का हाल…

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे

इन राज्यों में तेज बारिश: छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, गोवा, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल।

इन राज्यों में हल्की बारिश: तमिलनाडु, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

तेलंगाना में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया गया है।

महाराष्ट्र के पालघर में बारिश से जुड़ी घटनाओं में पिछले 24 घंटों में दो लोगों की मौत हो गई।

अलग-अलग राज्यों से मानसून की तस्वीरें…

उज्जैन में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। महाकाल मंदिर के गणेश और नंदी मंडपम में बारिश का पानी भर गया। सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खरगोन, इंदौर, रतलाम, उज्जैन और आगर-मालवा में बिजली की गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान यहां 24 घंटे के भीतर 4 इंच तक बारिश हो सकती है।

जोधपुर में देर रात हुई मूसलाधार बारिश से सड़कों पर गाड़ियां बह गईं। भीतरी शहर में गलियां, नदी बन गईं। एक बाइक के साथ आदमी भी बह गया। इधर जीरा मंडी में पानी भरने से लाखों रुपए का जीरा भी बह गया। जीरा मंडी में 50 लाख का नुकसान बताया जा रहा है।

बिहार में एक बार फिर मानसून कमजोर पड़ गया है। पारा बढ़ने लगा है। मौसम विभाग की माने तो अगले 5 दिनों तक राज्य में कहीं भी तेज बारिश के आसार नहीं है। 26-27 जुलाई तक अच्छी बारिश का इंतजार करना होगा।