आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: सपा नेता आजम खान के ठिकानों पर इनकम टैक्स ने बुधवार को रेड मारी है। यह कार्रवाई मौलाना अली जौहर ट्रस्ट से जुड़ी बताई जा रही है। रामपुर में आजम की कोठी के अलावा आयकर विभाग ने मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, सीतापुर, लखनऊ में भी रेड मारी है।
रामपुर में ही आजम के करीबी पूर्व सपा विधायक नसीर खान के घर पर भी आयकर ने छापा मारा। इसके अलावा, सीतापुर में नामचीन रीजेंसी स्कूल में टीम सर्च अभियान चला रही है। यह स्कूल MF जैदी का है। बताया जा रहा है कि जैदी जौहर ट्रस्ट से जुड़े हुए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, आजम के जौहर ट्रस्ट के सभी 11 ट्रस्टी के यहां पड़ा छापा है। रामपुर के भाजपा नेता आकाश सक्सेना ने 2019 में इनकम टैक्स विभाग में शिकायत की थी। इसमें कहा था कि ट्रस्ट को 60 करोड़ का डोनेशन देने वाले लोगों ने खुद कभी इनकम टैक्स नहीं भरा है। हालांकि, आयकर विभाग की तरफ से इस पूरे कार्रवाई को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
इधर, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार जितनी कमज़ोर होगी, विपक्ष पर छापे उतने बढ़ते जाएंगे। वहीं इस पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि किसी को डराने की जरूरत नहीं है। जो भ्रष्ट होगा, वो पकड़ा जाएगा। निर्दोष होगा, तो छूट जाएगा।
अब आपको लेकर चलते हैं, उन शहरों में जहां पर आयकर विभाग की छापेमारी चल रही है…
सबसे पहले रामपुर में आजम के घर पहुंची टीम, आजम भी मौजूद
सूत्रों के मुताबिक, आयकर की टीम तड़के आजम के रामपुर स्थित घर पहुंचीं। टीम ने कोठी को कब्जे में ले लिया। बाहर फोर्स तैनात कर दी। किसी को भी अंदर-बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है। छापेमारी की खबर सुनकर वहां काफी भीड़ लग गई। हालांकि, पुलिस ने भीड़ को हटा दिया।
फिलहाल, खबर है कि छापेमारी के दौरान आजम घर पर ही हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
अब पढ़िए लखनऊ में आजम के वकील के घर छापा
लखनऊ में आजम खान के वकील मुस्ताक अहमद सिद्दीकी के घर पर आईटी की छापेमारी हो रही है। वजीरगंज के बलरामपुर हॉस्पिटल के पास वकील का घर है। यहां भारी मात्रा में पुलिस फोर्स लगाया गया है। टीम के अधिकारी घर के अंदर मौजूद है। अखिलेश यादव फिलहाल लंदन में है, आजम खान के यहां छापेमारी को लेकर उन्होंने जानकारी ली है।
अधिवक्ता मुस्ताक अहमद सिद्दीकी जौहर यूनिवर्सिटी में उपाध्यक्ष के पद पर तैनात है। वह आजम खान के बेहद करीबी हैं। इन्होंने पूर्व में आजम खान के कई मुकदमे भी लड़े हैं। लगातार आईटी टीम का सर्च आपरेशन जारी है।