आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: पाकिस्तान की संसद में मंगलवार को दिलचस्प वाकया पेश आया। फॉरेन मिनिस्टर बिलावल भुट्टो ने फेयरवेल स्पीच में पिता और पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को नसीहत दी।

बिलावल ने कहा- 30 साल तक जरदारी साहब (पिता) और मियां नवाज शरीफ ने जो किया, जिस तरह की सियासत की, अब वही चीजें आप मेरे और मरियम नवाज (नवाज शरीफ की बेटी) के लिए छोड़कर न जाएं, क्योंकि हम और मुश्किलें नहीं चाहते।

प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ सरकार का टेन्योर वैसे तो 14 अगस्त को खत्म हो रहा है, लेकिन शाहबाज ने साफ कर दिया था कि वो 9 अगस्त तक ही पद पर रहेंगे। इसके बाद केयरटेकर गवर्नमेंट आएगी और वही जनरल इलेक्शन कराएगी।

उम्मीद खो रही है यंग जेनरेशन

पाकिस्तान के अखबार ‘द डॉन’ की रिपोर्ट के मुताबिक- फॉरेन मिनिस्टर मंगलवार को फेयरवेल स्पीच के लिए खड़े हुए तो उन्होंने फ्यूचर पॉलिटिक्स की तरफ कदम बढ़ाए। बिलावल पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के चेयरमैन हैं और उनके पिता आसिफ अली जरदारी बेटे को फ्यूचर प्राइम मिनिस्टर के तौर पर प्रोजेक्ट करते रहे हैं। वो इमरान खान की जगह खुद को यंग जेनरेशन का लीडर साबित करना चाहते हैं।

रिपोर्ट में आगे कहा गया- शाहबाज सरकार जाते-जाते कई अहम बिल पास कराना चाहती है। इनमें ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट बिल भी है। इसका सीधा फायदा फौज और ISI को होगा। 15 दिन में 70 बिल पास कराए जा चुके हैं। बिलावल ने इनका जिक्र तो नहीं किया, लेकिन गैलरी में मौजूद स्कूली छात्रों के मन तक अपनी बात पहुंचाने की हर मुमकिन कोशिश की।

भुट्टो ने कहा- मेरे पिता और मियां नवाज शरीफ को चाहिए कि वो मेरे और मरियम के लिए सियासी रास्ता आसान करें। इसमें पहले ही काफी मुश्किलें हैं। इस मुल्क में 65% से ज्यादा पॉपुलेशन 30 साल से कम उम्र की है। ये युवा अब हालात से मायूस हैं और उम्मीद खोते जा रहे हैं।