आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के सहयोग से भारतीय लोक प्रशासन संस्थान, नई दिल्ली द्वारा आयोजित तीन सप्ताह के अध्ययन दौरे के भाग के रूप में 35 विभिन्न देशों के 35 विदेशी अधिकारियों की एक टीम ने एम्स भोपाल का दौरा किया । यहाँ एम्स में पधारे विदेशी मेहमानों का स्वागत भारतीय परंपरानुसार तिलक लगाकर एवं एकल पुष्प देकर किया गया । यात्रा का उद्देश्य हेल्थकेयर डिलीवरी में डिजिटलीकरण से सुसज्जित विश्व स्तरीय हेल्थकेयर ढांचे की स्थापना में सर्वोत्तम प्रथाओं को समझना था । यहाँ उन्हें कार्यपालक निदेशक और सीईओ प्रोफेसर अजय सिंह, डीन रिसर्च प्रोफेसर देबासिस बिस्वास, चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर शशांक पुरवार, और प्रभारी इंजीनियरिन्ग अधीक्षक रजनीश जोशी द्वारा संबोधित किया गया ।
उन्होंने टेली-मेडिसिन यूनिट का भी दौरा किया, जहां सौरभ सहगल और अंकुर जोशी द्वारा टेली-आईसीयू सेवाओं का प्रदर्शन किया गया । स्नेहिल गुप्ता ने टेली-मानस सेवाओं के विषय में बताया । अनिंदो मजूमदार और सूर्या बाली ने नेशनल मेडिकल नॉलेज नेटवर्क के माध्यम से 50 चिकित्सा संस्थानों से जुड़े डिजिटल मेडिकल व्याख्यानों का प्रदर्शन किया । अंत में अंकुर जोशी ने आगंतुकों को एम्स भोपाल द्वारा संचालित विभिन्न सामुदायिक आउटरीच गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दी ।