आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे एक दिन के दौरे पर यूरोपीय देश ग्रीस की राजधानी एथेंस पहुंचे। यहां एयरपोर्ट पर विदेश मंत्री जॉर्ज जेरापेट्रिटिस ने उन्हें रिसीव किया। इसके बाद एथेंस के एक होटल के बाहर भारतीय मूल के लोगों ने उनका ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। भारतीय समुदाय ने मोदी को ग्रीस का पारंपरिक मुकुट भी पहनाया, जिसे हेड्रेस कहा जाता है।
इस दौरान वहां भारत माता की जय के नारे भी लगे। 40 साल बाद भारत का कोई प्रधानमंत्री ग्रीस के दौरे पर है। इंदिरा गांधी के बाद ग्रीस जाने वाले मोदी दूसरे प्रधानमंत्री हैं। इंदिरा ने 1983 में ग्रीस का दौरा किया था। दोनों देशों के बीच ट्रेड, टेक्नोलॉजी से लेकर डिफेंस कोऑपरेशन पर चर्चा की जाएगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ग्रीस काफी समय से भारत की ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल को खरीदने में दिलचस्पी दिखाता रहा है। ऐसे में PM मोदी के दौरे पर ग्रीस को भारत का ब्रह्मास्त्र कही जाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल मिलने पर डील हो सकती है।
PM मोदी ग्रीस में भारतीय मूल के लोगों से मिलेंगे
प्रधानमंत्री मोदी ग्रीस में ‘टॉम्ब ऑफ अननोन सोल्जर’ पर जाकर सैनिकों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद PM को सेरेमोनियल रेसेप्शन दिया जाएगा। वो ग्रीस की राष्ट्रपति कैटरीना सकेलारोपोउलो और प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस से मुलाकात करेंगे।
PM मोदी ग्रीस के प्रधानमंत्री की तरफ से आयोजित बिजनेस लंच में शामिल होंगे। वो ग्रीस की मशहूर हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद वो भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करेंगे। ग्रीक सिटी टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक PM मोदी के साथ 12 भारतीय बिजनेसमैन भी एथेंस पहुंचे हैं। इनकी मुलाकात ग्रीस के बिजनेसमैन से कराई जाएगी।
तुर्किये-पाक के गठजोड़ को भेदने ग्रीस जा रहे PM मोदी?
तुर्किये कश्मीर के मुद्दे पर भारत के खिलाफ जाकर पाकिस्तान का समर्थन करता है। इतना ही नहीं, पाक और ईरान तेजी से डिफेंस साझेदारी बढ़ा रहे हैं। अप्रैल 2023 में तुर्किये ने पाकिस्तान को बायरकतार टीबी 2 ड्रोन दिए। ये ड्रोन रूस-यूक्रेन युद्ध में अपनी काबिलियत साबित कर चुका है। पाकिस्तान को यह ड्रोन मिलना भारत के लिए किसी खतरे से कम नहीं है।
पाक-तुर्किये के गठजोड़ को भेदने के लिए पिछले साल अगस्त के महीने में भारतीय वायुसेना के चीफ वी आर चौधरी ग्रीस गए थे। इस बीच दोनों देशों में ड्रोन टेक्नोलॉजी पर काम करने के लिए बातचीत हुई। दरअसल, ड्रोन के खतरे को देखते हुए तुर्किये का दुश्मन ग्रीस अब भारत का साथ देने को तैयार है।