राज्य विधानसभा का बुधवार को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बजट पेश किया। इस बार ई बजट था लिहाजा विधायकों को इस बजट को पढ़ने के लिए टैबलेट उपलब्ध कराए गए। अब टेबलेट को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने अपने-अपने टैबलेट लौटा दिए हैं। वजह इनका चीनी सामग्री से निर्मित होना बताया गया है। डॉ गोविंद सिंह का कहना है कि जिस चीन ने गलवान में हमारे सैनिकों की हत्या की, उसी चीन में असेंबल किए गए आईपैड विधायकों को देने का मैं विरोध करता हूं राष्ट्रवाद की बात करें तो भाजपा का यही दोहरा चरित्र है। वहीं कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने आईपेड लौटते हुए तीन कारण बताएं हैं और कहा है पहला कारण टेबलेट लेना विधानसभा की परंपरा के अनुरूप नहीं है, दूसरा कारण यह टैबलेट असेंबल्ड इन चाइना है और तीसरा कारण इस टेबलेट की उन्हें आवश्यकता नहीं है। विधानसभा में परिवहन मंत्री गोविंद राजपूत ने कांग्रेस के विधायकों पर चुटकी लेते हुए कहा कि मैं कल आईपैड लेने गया था तो विपक्ष के नेताओं की लाइन लगी हुई थी।