सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आज महाशिवरात्रि है। भोपाल बम-बम भोले के जयकारों से गुंजायमान हो रहा है। इस मौके पर शिव मंदिरों में खास तैयारी की गई है। मंदिरों पर रंगीन लाइट्स व फूल-पत्तियों से सजावट की गई है। कहीं भजन संध्या, कहीं रुद्राभिषेक हो रहे हैं तो कहीं शिव बारात निकाली जा रही है। शहर के हर शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ है।

बड़ वाले महादेव मंदिर से शिव बारात निकाली जा रही है। शिव बारात पुराने शिवालय भवन से जनकपुर, हनुमान-गंज से होते हुए मंगलवारा और इतवारा पहुंचेगी। इसके बाद ट्रांसपोर्ट एरिया होते हुए यह लखेरापुरा, चौक बाजार पहुंचेगी। यहां वरमाला की जाएगी। शिव बारात का समापन रात करीब 1 बजे होगा। इसमें 125 संस्थाओं के स्वागत मंच बनाए गए हैं। प्रकाश मालवीय ने बताया कि इस दौरान कई प्रकार की बैंड प्रस्तुतियों के अलावा भजन मंडलिया, झांकियां और डमरू दल भी शामिल हैं।

शिवराज ने खींचा भगवान का रथ

पूर्व मुख्यमंत्र5 शिवराज सिंह चौहान ने मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद भगवान शिव की बारात शुरू हई। शिवराज सिंह ने हर साल की तरह इस बार भी भगवान शिव का रथ खींचा और मंजीरे बजाकर भजन गाए। वे रथ खींचते हुए कुछ देर तक बारात के साथ चले। उनके साथ भोपाल से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी आलोक शर्मा, मंत्री विश्वास सारंग एवं अन्य नेता मौजूद थे।

शिव बारात के नजारे…

बड़ वाले महादेव मंदिर से शिव बारात में चांदी के घोड़े पर विराजित भगवान शिव।

बड़ वाले महादेव मंदिर में पूजा करते पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा।

बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं।

मंदिर बारात से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजन करने पहुंचे।

शिवरात्रि से एक दिन पहले मंदिर हल्दी की रस्म हुई।

डमरू दल का चल समारोह

महाशिवरात्रि पर देश का एकमात्र डमरू दल भोपाल में भव्य चल समारोह निकाल रहा है। चल समारोह कर्फ्यू वाली माता मंदिर सोमवारा से शुरू हुआ। इसमें डमरू दल के 111 से ज्यादा सदस्य पारंम्परिक वेशभूषा में कीर्तन करते हुए चल रहे हैं। चल समारोह में अयोध्या से आए भगवान श्री राम का पुष्पक विमान भी शामिल है। श्री बाबा बटेश्वर कीर्तन समिति के अध्यक्ष अर्जुन सोनी ने बताया कि देश का एक मात्र डमरू दल महा शिवरात्रि के पावन अवसर पर चल समारोह का आयोजन करने जा रहा है। इस चल समारोह में अयोध्या से लाए गए भगवान श्री राम का पुष्पक विमान विशेष तौर पर शामिल किया गया है।