आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अक्सर जब हमसे अचानक कहीं कोई परिचित मिलता है, तब उसका चेहरा तो याद रहता है, मगर नाम याद नहीं आता। कई बार सामान रखकर भूल जाते हैं, कहां रखा था, जरूरत के समय ये याद नहीं आता। खूब पढ़कर जाते हैं, लेकिन परीक्षा केंद्र में सवाल का जवाब याद नहीं आता…।

ऐसे में उलझन होती है और हम सोचते हैं कि कहीं भूलने की बीमारी या डिमेंशिया तो नहीं हो गया। लोग आत्मविश्वास खोने लगते हैं। हालांकि, कुछ विशेषज्ञ इसे सामान्य बताते हैं। उनके मुताबिक, ये सामान्य प्रक्रिया है, इसलिए घबराएं नहीं, लेकिन याददाश्त मजबूत करने की कोशिश लगातार करते रहें।

यादों में बदलाव सामान्य

हर्बर्ट वर्थाइम यूएफ स्क्रिप्स इंस्टीट्यूट फॉर बॉयोमेडिकल इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी में न्यूरोसाइंस के प्रोफेसर डॉ. रोनाल्ड डेविस के अनुसार, हम रोज कई चीजें देखते, पढ़ते व सुनते हैं। ऐसे में मस्तिष्क जानकारियों से भर जाता है और वह यादों को नियंत्रित करने लगता है। भूलना दिमाग के वर्किंग सिस्टम का हिस्सा है, इसलिए यादों में बदलाव सामान्य है।

डेविड गेफेन स्कूल ऑफ मेडिसिन में बिहेवियरल न्यूरोलॉजी डिपार्टमेंट के निदेशक डॉक्टर मारियो मेंडेज के अनुसार, याददाश्त बढ़ाने के लिए नियमित तौर पर कुछ खास तरीके अपनाते रहें। जैसे- अगर परिचित का नाम याद नहीं आ रहा तो उससे जुड़ी बातें याद करें। ये मस्तिष्क में ही रहती हैं और सतह पर आने में थोड़ा समय लगता है। पांच मिनट बाद आप पाएंगे कि उसका नाम याद आ गया। चीजों को व्यवस्थित तरीके से रखें। रिमाइंडर नोट्स बनाएं, फोन अलर्ट का इस्तेमाल करें। रटने से बचें, प्रैक्टिस और रीविजन करते रहें।

क्या करें: मल्टीटास्किंग को सीमित करें, आधे घंटे टहलना भी फायदेमंद

येल स्कूल ऑफ मेडिसिन में न्यूरोलॉजी और साइकोलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अरमान फेशरकी जादेह के अनुसार, याददाश्त बढ़ाने के लिए लाइफस्टाइल सुधारें। मल्टीटास्किंग को सीमित करें। यह मस्तिष्क के स्वास्थ्य के लिए अच्छा नहीं है। एक समय में एक ही काम करने की कोशिश करें। तनाव से बचें। कम नींद खराब याददाश्त में कमजोरी की बड़ी वजह है, इसलिए पर्याप्त नींद लें। डाइट ठीक करें। रोज आधे घंटे दौड़ें, टहलें, तैराकी करें या फिर साइकिल चलाएं।

डॉक्टर से मिलना कब जरूरी: डॉ. जादेह के मुताबिक, एक ही सवाल कई बार पूछ रहे हैं। खास परिचितों के नाम अक्सर भूलते हैं, तो ये समस्या की शुरुआत है।