देश-विदेश की खबर सबसे पहले जानने के लिए यहां हमारे साथ ब्रेकिंग न्यूज लाइव ब्लॉग में बने रहिए.

उत्तर प्रदेश सीएम योगी आदित्यनाथ ने महात्मा गांधी को अर्पित की श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश: लखनऊ में हजरतगंज जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की.

पीएम मोदी ने राजघाट पहुंच महात्मा गांधी को अर्पित की श्रद्धांजलि

दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पहुंच कर महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की.

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की

दिल्ली: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राजघाट पहुंच कर महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी श्रद्धांजलि दी.

गुजरात के कच्छ में 4.2 तीव्रता का भूकंप, कोई हताहत नहीं

गुजरात के कच्छ जिले में आज सुबह 4.2 तीव्रता का भूकंप आया है. अधिकारियों ने बताया कि भूकंप से किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं है. गांधीनगर स्थित आईएसआर ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि सुबह छह बजकर 38 मिनट पर 4.2 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए. इसका केंद्र कच्छ में दुधई गांव से 11 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पूर्व में था.

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर राहुल गांधी का ट्वीट

पीएम मोदी के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर नमन किया है. राहुल गांधी ने ट्वविटर पर लिखा, “बापू ने पूरे देश को प्रेम, सर्वधर्म समभाव के साथ जीना और सत्य के लिए लड़ना सिखाया. राष्ट्रपिता, महात्मा गांधी के शहीद दिवस पर उन्हें कोटि कोटि नमन.”

ईरान पर 24 घंटे के भीतर दूसरा बड़ा हमला

ईरान पर 24 घंटे के भीतर दूसरा बड़ा हमला हुआ है. ईरान में अब ट्रकों के काफिले पर एयर स्ट्राइक हुई है. सीरिया-इराक बॉर्डर पर ट्रकों पर बमबारी हुई. 6 ट्रकों पर प्लेन से बम गिराए गए. एक दिन पहले कल ईरान के इस्फहान शहर में सैन्य ठिकाने पर ड्रोन अटैक हुआ था.

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर पीएम मोदी का ट्वीट

आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि है. इस मौके पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, “मैं बापू को उनकी पुण्यतिथि पर नमन करता हूं और उनके विचारों को याद करता हूं. मैं उन सभी लोगों को भी श्रद्धांजलि देता हूं जो हमारे राष्ट्र की सेवा में शहीद हुए हैं. उनके बलिदानों को कभी भुलाया नहीं जाएगा और विकसित भारत के लिए काम करने के हमारे संकल्प को मजबूत करते रहेंगे.”

मध्य प्रदेश: 11 आईएएस के तबादले

मध्य प्रदेश में देर रात 11 आईएएस के तबादले हुए हैं. उज्जैन और ग्वालियर सहित सात ज़िलों के कलेक्टर बदले गए.

महाराष्ट्र: ‘लव जिहाद’ के खिलाफ विरोध मार्च

महाराष्ट्र: हिंदू जनजागृति समिति के सदस्यों ने 29 जनवरी को मुंबई के दादर में ‘लव जिहाद’ के खिलाफ विरोध मार्च निकाला. मार्च में कुछ अन्य हिंदू संगठनों के सदस्यों ने भी भाग लिया.

दिल्ली में बारिश होने के आसार

अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी.

बजट सत्र से पहले आज सर्वदलीय बैठक

सरकार ने संसद के बजट सत्र से पहले आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है. बैठक संसद भवन परिसर में होगी.

जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर और कश्मीर घाटी के अन्य हिस्सों में बर्फबारी हुई है.

भारत जोड़ो यात्रा का आज होगा समापन

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर से शुरू हुई जिसका आज अंतिम दिन है. श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में रैली के साथ समापन होगा जिसमें कई विपक्षी दलों के नेता मौजूद रहेंगे.

महात्मा गांधी की आज 75वीं पुण्यतिथि

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आज 75वीं पुण्यतिथि है. राजघाट में बापू की समाधि पर सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन होना है जिसमें करीब पौने 11 बजे पीएम मोदी राजघाट जाकर बापू को श्रद्धांजलि देंगे.

बैकग्राउंड

Breaking News Live Updates 30th January’ 2023: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 5 महीने से चल रही है जिसका आज जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में समापन होगा. श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में समापन समारोह होगा. वहीं, राहुल आज प्रदेश कांग्रेस ऑफिस में भारत जोड़ो यात्रा का स्थायी स्टैच्यू का उद्घाटन करेंगे. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी में सुबह 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने  टीएमसी, जेडीयू, शिवशेना, टीडीपी, नेशनल कांफ्रेंस, एसपी, बीएसपी समेत 21 विपक्षी दलों को न्यौता दिया है. वहीं, आज समापन से पहले राहल गांधी ने एक बार फिर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, जम्मू-कश्मीर में अगर हालात ठीक हैं तो अमित शाह लाल चौक तक यात्रा क्यों नहीं करते?

ओडिशा स्वास्थ्य मंत्री की हत्या

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब दास पर जानलेवा हमला हुआ है जिसमें उनकी मौत हो गई है. ये हमला 29 जनवरी को हुआ जब ब्रजराजनगर में वो कार से उतरे ही थे कि एएसआई ने उनके सीने में गोली मार दी. स्वास्थ्य मंत्री को एयरलिफ्ट कर भुवनेश्वर भेजा गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं फायरिंग के आरोप में ASI गोपालदास को गिरफ्तार कर लिया गया है हालांकि अभी हमले की वजह साफ नहीं हो सकी है.

मंत्री नब किशोर दास की मौत पर पीएम मोदी ने शोक जताते हुए ट्वीट कर लिखा, ओडिशा सरकार में मंत्री नब दास के दुर्भाग्यपूर्ण निधन पर दुख हुआ परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं. दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी दुख जताते हुए लिखा, ये बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है मेरी उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं.

गुजरात पेपर लीक

गुजरात में एक बार फिर पेपर लीक मामला हुआ है. जूनियर क्लर्क भर्ती परीक्षा पर्चा लीक होने की वजह से परीक्षा को रद्द किया गया जिसमें लाखों कैंडिडेट एग्जाम देने वाले थे. वहीं इस मामले में पुलिस ने अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वारदात के पीछे बड़े गिरोह की आशंका जतायी गई है.