आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिकी संसद में बुधवार को UFO’s और एलियन को लेकर सुनवाई हुई। इस दौरान US नेवी के पूर्व इंटेलिजेंस ऑफिसर रिटायर्ड मेजर डेविड ग्रश ने दावा किया कि अमेरिका कई सालों से UFO और एलियन्स से जुड़ी जानकारियां छिपा रहा है। उन्होंने ये भी कहा कि अमेरिका इन UFO’s की रिवर्स इंजीनियरिंग पर काम कर रहा है।

द गार्जियन के मुताबिक, मेजर ग्रश ने 2022 के आखिर तक अमेरिका की डिफेंस एजेंसी के लिए UAP (UFO से जुड़ी संदिग्ध घटनाएं) पर एनालिसिस करते थे। उन्होंने बताया कि सरकार को एलियन मिले थे और वो उनके स्पेसक्राफ्ट पर सीक्रेट रिसर्च कर रही है।

ग्रश ने कहा कि उन्हें काम के दौरान कई सालों से क्रैश हुए UFO’s पर चल रही रिसर्च और रिवर्स इंजीनियरिंग प्रोग्राम के बारे में पता चला था। हालांकि, उन्हें इस प्रोग्राम को देखने की मंजूरी नहीं दी गई।

अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने इन दावों को खारिज कर दिया। पेंटागन ने कहा कि अमेरिका ने एलियन से जुड़ा कोई भी प्रोग्राम न कभी चलाया था और न अब ऐसा कुछ हो रहा है।

1930 से एलियन्स पर रिसर्च प्रोग्राम चला रहा अमेरिका- पूर्व नेवी अफसर

एलियन लाइफ पर ये अब तक की सबसे हाई-प्रोफाइल सुनवाई रही। संसद में ग्रश ने ये भी दावा किया कि इन स्पेसक्राफ्ट को उड़ाने वाले पायलट्स की बॉडी भी अमेरिका के कब्जे में है। उन्होंने बताया कि US के इस प्रोग्राम में सीधे तौर पर शामिल अधिकारियों के जरिए उन्हें ये सूचना मिली थी। उन्होंने ये भी कहा कि अमेरिकी सरकार 1930 से ये प्रोग्राम चला रही है।

मेजर ग्रश ने बताया कि सरकारी व्हिसलब्लोअर यानी सरकार से जुड़े खुलासा करने की वजह से उन्हें काफी परेशानी का भी सामना करना पड़ा है। उन्हें प्रोफेशनल और पर्सनल, दोनों लेवल पर विरोध झेलना पड़ा है। ग्रश ने ये भी कहा कि इसकी वजह से उनकी जान को भी खतरा रहा है।

जून में ग्रश ने पृथ्वी के बाहर जीवन होने का दावा किया था

दरअसल, जून में ग्रश ने पृथ्वी के बाहर जीवन होने और अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के पास दूसरे ग्रह से जुड़ी बेहद अहम जानकारियां होने का दावा किया था। उन्होंने कहा था कि वो संसद के सामने इसके सबूत पेश करने को भी तैयार हैं। इसके बाद विपक्षी पार्टी रिपब्लिकन ने तुरंत इस मुद्दे पर सुनवाई के लिए जांच कमेटी का गठन किया।

रिपब्लिकन के नेता बर्शेट ने कहा था कि वो इस बात में यकीन रखते हैं कि एलियन हैं। इस सुनवाई में ग्रश के अलावा पूर्व नेवी कमांडर डेविड फ्रेवर और रिटायर्ड नेवी पायलट रायन ग्रेव्स भी शामिल हुए थे। इस दौरान इन दोनों ने ही एलियन स्पेसक्रफ्ट देखने का दावा किया।

अमेरिका ने UFO दिखने की बात स्वीकारी थी

2020 में UFO की जांच के लिए बनाई गई अमेरिकी टास्क फोर्स ने एक रिपोर्ट जारी की थी। 9 पेज की इस रिपोर्ट में अमेरिकी गवर्नमेंट सोर्स के जरिए 2004 से 2021 के बीच 144 UFOs के बारे में जानकारी दी गई थी। पेंटागन इन्हें अनआइडेंटिफाइड एरियल फिनॉमिना यानी UAP कहता है।