आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन मंगलवार को रूस पहुंच गए। पहले की तरह किम ने नॉर्थ कोरिया से रूस का सफर अपनी लग्जरी ट्रेन से किया। आज उनकी मुलाकात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से हुई।
दुनिया की नजरें पुतिन और किम की मुलाकात पर तो हैं ही, साथ ही साथ हर कोई किम की ट्रेन को भी देखना चाहता है और इसके बारे में जानना भी चाहता है। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ और ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ ने इस ट्रेन के बारे में खास जानकारी दी है।
इसे क्रेजी ट्रेन कहिए
रूस के पूर्व मिलिट्री कमांडर कॉन्सतेनियन पुलिकोवस्की और पूर्व डिप्लोमैट जियोर्जी तोलोराया। ये दो नाम ऐसे हैं, जिन्होंने 2011 में इस ट्रेन में सफर किया। हालांकि तब से अब तक इसमें काफी बदलाव हो चुके हैं, बावजूद इसके कम से कम इसमें मौजूद तमाम-ऐश-ओ आराम की झलक तो इन लोगों के जरिए मिल ही जाती है। दोनों ने न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में इस लग्जरी ट्रेन से जुड़ी रोचक जानकारियां साझा की हैं।
तोलोराया के मुताबिक यह कोई आम ट्रेन नहीं, बल्कि क्रेजी ट्रेन है। इसके बारे में कुछ हम जानते हैं तो कुछ ऐसा भी है जो हमारी नॉलेज में नहीं है। उनके पिता के जमाने से यह सुविधा नॉर्थ कोरिया के तानाशाह परिवार के पास मौजूद है।
इसकी स्पीड किसी वक्त 49 किलोमीटर प्रतिघंटा हुआ करती थी। अब यह करीब 60 किलोमीटर प्रतिघंटा है। इंटीरियर मैरून कलर की लकड़ियों से किया गया है। इसमें कई बेडरूम, सैटेलाइट फोन और फ्लैट स्क्रीन टीवी नजर आते हैं। सिक्योरिटी के लिए 100 कमांडो रहते हैं। इन्हें किसी तरह के फोन रखने की इजाजत नहीं है।
सिर्फ ऑर्डर की देर, खाना हाजिर
पुलिकोवस्की के मुताबिक इस ट्रेन में जबरदस्त डाइनिंग फैसिलिटीज हैं। रशियन, चाईनीज, कोरियन, जैपनीज और फ्रेंच डिशेज एक ऑर्डर पर तैयार होते हैं। इसके अलावा बेहद महंगी किस्म की शराब भी मौजूद रहती है। मुझे इस ट्रेन का एक वाकया याद है। किम के पिता के साथ मैं सफर कर रहा था। उन्हें एक रशियन डिश परोसी गई। इसे देखकर वो नाराज हो गए। शेफ को बुलाकर फटकार लगाई। कहा- ये कैसी डिश बनाई है। इसे बड़ा और बॉयल करके बनाना था। आगे से ध्यान रखना।
किम जोंग उन को स्विस चीज के साथ क्रिस्टल शैम्पेन और जर्मनी की एक खास शराब बहुत पसंद है। पुलिकोवस्की कहते हैं- ट्रेन की स्पीड कम है और सफर लंबा होता है। लिहाजा, ट्रेन में खूबसूरत लड़कियों का एक ग्रुप डांस के जरिए मेहमानों का मनोरंजन भी करता है।