आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने देश की पहली स्पाई सैटेलाइट बना ली है। उसने सैटेलाइट को लॉन्च करने के आदेश भी दिए हैं। इस सैटेलाइट के जरिए नॉर्थ कोरिया अमेरिका और साउथ कोरिया की सैन्य कार्रवाई पर नजर रखेगा। इसकी पुष्टि नॉर्थ कोरिया की सरकारी न्यूज मीडिया एजेंसी KCNA ने की। एजेंसी ने स्पाई सेटेलाइट को नॉर्थ कोरिया के लिए देश की सैन्य क्षमता को बढ़ाने और अमेरिका, साउथ कोरिया से होने वाले खतरे से निपटने के लिए जरूरी बताया।

मंगलवार को अपनी स्पेस एजेंसी के दौरे पर पहुंचे किम जोंग ने कहा- हमारे लिए अपनी सैन्य ताकत बढ़ाना स्वाभाविक है। अमेरिका लगातार क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। वो साउथ कोरिया को जंग के लिए अपने बेस के तौर पर इस्तेमाल करना चाहता है। ये स्पाई सैटेलाइट देश को इंटेलीजेंस से जुड़ी क्षमता बढ़ाने में मदद करेगा। हम इसे तय प्लान के हिसाब से ही लॉन्च करेंगे।